ढाका, 13 सितंबर (भाषा) भारतीय उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने रविवार को बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदुद्दीन चौधरी एनी के साथ द्विपक्षीय सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने साझा इतिहास, विरासत और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बांग्लादेश के जल संसाधन राज्य मंत्री फरहाद हुसैन आजाद भी बैठक में शामिल हुए। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि त्रिवेदी ने एनी से शिष्टाचार भेंट की और विभिन्न द्विपक्षीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
बयान के अनुसार, दोनों पक्षों ने सहयोग और मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
इसमें कहा गया, ‘‘बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने भारत और बांग्लादेश के बीच साझा इतिहास, विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक संबंधों के साथ-साथ आपसी हित के अन्य मुद्दों पर चर्चा की।’’
भारतीय उच्चायोग ने एक अलग बयान में कहा कि बातचीत में दोनों पड़ोसी देशों की जनता की साझा आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए द्विपक्षीय संपर्क मजबूत करने के महत्व पर जोर दिया गया।
हालांकि, दोनों बयानों में दोनों देशों की साझा नदियों से जुड़े लंबित जल बंटवारे के मुद्दों या 1996 की गंगा जल बंटवारा संधि के नवीनीकरण का कोई उल्लेख नहीं किया गया। यह संधि इस साल दिसंबर में समाप्त होने वाली है।
गंगा और तीस्ता नदियों से जुड़े जल बंटवारे के मुद्दे भारत-बांग्लादेश संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण रहे हैं।
भारत और बांग्लादेश ने 2011 में तीस्ता नदी के पानी के बंटवारे को लेकर एक अंतरिम व्यवस्था को अंतिम रूप दिया था, लेकिन तत्कालीन पश्चिम बंगाल सरकार के विरोध के कारण इस पर हस्ताक्षर नहीं हो सके।
भाषा
राखी संतोष
संतोष