इटली स्थित भारतीय दूतावास ने प्रवेश रोकने संबंधी आरोपों का खंडन किया
इटली स्थित भारतीय दूतावास ने प्रवेश रोकने संबंधी आरोपों का खंडन किया
लंदन, 22 अप्रैल (भाषा) इटली स्थित भारतीय दूतावास ने रोम में अपने परिसर में कुछ व्यक्तियों के प्रवेश को रोकने के दावों का बुधवार को खंडन किया। दूतावास ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में लगाए गए इन आरोपों को ‘‘झूठा और मनगढ़ंत’’ बताते हुए खारिज कर दिया।
दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमने एक भारतीय नागरिक द्वारा बनाया गया एक वीडियो देखा है। वीडियो में किए गए दावे झूठे और मनगढ़ंत हैं।’’
भारतीय दूतावास ने कहा, ‘‘वह दूतावास आए थे और हम उनसे मिलने के लिए तैयार थे, लेकिन उन्होंने अपना पहचान पत्र, पासपोर्ट दिखाने से इनकार कर दिया। दूतावास में आने वाले आगंतुकों के लिए हम कुछ मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हैं।’’
दूतावास ने कहा कि वह भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। दूतावास ने कहा, ‘‘हम भारतीय समुदाय के सभी सदस्यों के साथ नियमित रूप से संपर्क बनाए रखते हैं।’’
अज्ञात युवकों ने दूतावास के कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने और उन्हें परिसर में प्रवेश से रोकने की कोशिश का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो पर कई प्रतिक्रियाएं आईं, कुछ ने दूतावास के कर्मचारी पर परेशान करने का आरोप लगाया जबकि अन्य उनके बचाव में आगे आए। पोस्ट पर आई एक प्रतिक्रिया में लिखा था, ‘‘मेरी राय में आपने (आरोप लगाने वाले) कुछ बहुत गलत किया, जिसे आप यहां बताना नहीं चाहते।’’
भाषा आशीष माधव
माधव

Facebook


