(विनय शुक्ला)
मॉस्को, 17 फरवरी (भाषा) भारतीय राजदूत विनय कुमार ने मंगलवार को रूस के उप विदेश मंत्री आंद्रेई रुडेन्को से मुलाकात की और एशिया-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति सहित ‘‘महत्वपूर्ण’’ द्विपक्षीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
यह बैठक ऐसे समय में हुई है, जब अमेरिका ने दावा किया है कि नयी दिल्ली ने रूसी कच्चे तेल के आयात को रोकने पर सहमति जताई है।
रूसी विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने आगामी राजनीतिक संपर्कों के कार्यक्रम, महत्वपूर्ण द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की, जिनमें एशिया-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति भी शामिल है।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल ही में फोन पर हुई बातचीत के बाद दोनों पक्षों ने भारतीय वस्तुओं पर अमेरिकी शुल्क (टैरिफ) को 50 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करने की घोषणा की।
इस कटौती में उस 25 प्रतिशत शुल्क को हटाना भी शामिल था, जो ट्रंप ने पिछले वर्ष अगस्त में भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने के कारण लगाया था।
भारत ने अभी तक वाशिंगटन के इस दावे की न तो पुष्टि की है और न ही खंडन किया है कि उसने रूसी कच्चे तेल की खरीद बंद करने का वादा किया है।
रूस ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि वह भारत और अन्य देशों को रूसी तेल खरीदने से रोकने की कोशिश कर रहा है। रूस का कहना है कि वाशिंगटन इसके लिए शुल्क, प्रतिबंध और सीधे प्रतिबंधात्मक आदेशों सहित कई तरह के ‘‘दबावपूर्ण’’ उपायों का इस्तेमाल कर रहा है।
भाषा गोला माधव
माधव