महाराष्ट्र : नाबालिग व उसके दोस्त ने टीवी देखने के लिए डांट पर अपनी चाची की हत्या की

Ads

महाराष्ट्र : नाबालिग व उसके दोस्त ने टीवी देखने के लिए डांट पर अपनी चाची की हत्या की

  •  
  • Publish Date - February 17, 2026 / 09:27 PM IST,
    Updated On - February 17, 2026 / 09:27 PM IST

पालघर, 17 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक महिला की उसके 15 वर्षीय भतीजे और उसके दोस्त ने कथित तौर पर हत्या कर दी, क्योंकि पीड़ित ने लगातार टेलीविजन देखने की आदत के लिए उसे फटकारा था। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने रविवार रात वसई पश्चिम के बेरहामपुर गांव में हुई इस घटना के सिलसिले में दो नाबालिग लड़कों को पकड़ा है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) पूर्णिमा चौगुले-श्रींगी ने बताया कि 65 वर्षीय महिला सोमवार सुबह अपने बंगले में मृत पाई गई, जहां वह अकेली रहती थी।

उन्होंने बताया कि जांच से पता चला कि महिला ने अपने भतीजे को पढ़ाई छोड़ने और टेलीविजन देखने की आदत को लेकर फटकार लगाई थी। डांट से नाराज नाबालिग ने अपने दोस्त को घर बुलाया था।

डीसीपी ने बताया, ‘‘आरोपी ने अपनी चाची पर लाठी से हमला कर दिया। हमले के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।’’

डीसीपी ने बताया कि हत्या का मामला तब सामने आया जब महिला की बेटी ने फोन पर उनसे संपर्क नहीं होने पर अपने भाई को वहां भेजा, जहां उसने शव को फर्श पर पड़ा पाया। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने महिला के भतीजे से पूछताछ की, जिसने हत्या की बात कबूल कर ली।

डीसीपी ने बताया कि दोनों लड़कों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें सुधार गृह भेज दिया गया है।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश