कुवैत में ईरानी हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत

Ads

कुवैत में ईरानी हमलों में एक भारतीय नागरिक की मौत

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 12:57 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 12:57 PM IST

दुबई, 30 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया में एक महीने से जारी संघर्ष में रविवार को कुवैत में एक बिजली और जल अलवणीकरण संयंत्र पर ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। इस घटना के साथ ही पश्चिम एशिया में इस युद्ध में मारे गए भारतीय नागरिकों की संख्या आठ हो गई है।

सरकारी समाचार एजेंसी ‘केयूएनए’ के अनुसार कुवैत के विद्युत, जल एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि हमले के दौरान उसके बिजली और जल शोधन संयंत्र परिसर की एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।

कुवैत स्थित भारतीय दूतावास ने हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत की पुष्टि की है।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वह कुवैत में एक जल अलवणीकरण संयंत्र पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की ‘दुखद मृत्यु’ पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है।

दूतावास ने कहा, ‘वह हर संभव सहायता और सहयोग प्रदान करने के लिए कुवैत के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहा है।’

अधिकारियों ने इस घटना को ‘‘बर्बर हमला’’ करार दिया है। हालांकि जिस संयंत्र को निशाना बनाया गया, उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है।

कुवैत के विद्युत, जल एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा जौहर हयात ने भी हमले में भारतीय नागरिक के मारे जाने की पुष्टि की।

उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और प्रभावों से निपटने के लिए तकनीकी और आपात प्रतिक्रिया दलों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया।

हयात के अनुसार, विशेषज्ञ टीम सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए क्षतिग्रस्त परिसर को सुरक्षित करने में जुटी हैं।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर में बिजली और पानी आपूर्ति नेटवर्क की संचालन क्षमता सामान्य बनी हुई है।

पिछले सप्ताह संयुक्त अरब अमीरात में हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट की गई मिसाइलों के मलबे के सड़क पर गिरने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना

शीर्ष 5 समाचार