भारतवंशी नित्या रमन लॉस एंजिलिस मेयर के प्राइमरी चुनाव में दूसरे स्थान पर पहुंची

Ads

भारतवंशी नित्या रमन लॉस एंजिलिस मेयर के प्राइमरी चुनाव में दूसरे स्थान पर पहुंची

  •  
  • Publish Date - June 8, 2026 / 02:09 PM IST,
    Updated On - June 8, 2026 / 02:09 PM IST

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, आठ जून (भाषा) लॉस एंजिलिस के मेयर पद के प्राइमरी चुनाव में भारतवंशी नित्या रमन टीवी अभिनेता स्पेंसर प्रैट को पीछे छोड़ते हुए दूसरी स्थान पर आ गई हैं और मौजूदा मेयर कैरेन बास से नवंबर में उनकी सीधी टक्कर होना लगभग तय माना जा रहा है।

लॉस एंजिलिस काउंटी रजिस्ट्रार-रिकॉर्डर कार्यालय द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, पहले से ही नवंबर के अंतिम चुनाव में जगह बना चुकी 72 वर्षीय बास 34.7 फीसदी मत हासिल कर पहले स्थान पर बनी हुई हैं। वह सांसद भी रह चुकी हैं।

मेयर पद का यह प्राइमरी चुनाव दो जनवरी को हुआ था और अब तक 80 फीसदी मतों की गिनती हो चुकी है।

जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, रमन (44) लगातार बढ़त बनाती रहीं और अब 27.1 फीसदी वोट हासिल कर प्रैट से करीब तीन हजार मतों से आगे निकल गई हैं।

रिपब्लिकन उम्मीदवार प्रैट चुनाव की रात से दूसरे स्थान पर रहे थे, लेकिन अब 26.69 फीसदी मतों के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।

रमन 2020 से लॉस एंजिलिस काउंसिल की सदस्य हैं। उस साल उन्होंने काउंसिल के सदस्य डेविड रियू को हराया था। इसके बाद 2024 में भी उन्होंने फिर से जीत हासिल की।

लॉस एंजिलिस के मेयर पद के लिए प्राइमरी चुनाव में अगर कोई उम्मीदवार 50 फीसदी मत हासिल कर लेता है तो उसे सीधा विजेता घोषित किया जा सकता है। अगर ऐसा न हो तो शीर्ष दो उम्मीदवार नवंबर के चुनाव में आमने-सामने होंगे। यह एक गैर-दलीय चुनाव है।

केरल में जन्मीं रमन छह साल की उम्र में भारत से लुइसियाना आ गई थीं। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से राजनीति सिद्धांत में स्नातक और फिर एमआईटी से नगर नियोजन में परास्नातक की डिग्री हासिल की।

भाषा

खारी वैभव

वैभव