अंतरराष्ट्रीय अदालत ने फिलीपीन के पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते के खिलाफ सुनवाई प्रक्रिया शुरू की
अंतरराष्ट्रीय अदालत ने फिलीपीन के पूर्व राष्ट्रपति दुतेर्ते के खिलाफ सुनवाई प्रक्रिया शुरू की
द हेग, 23 फरवरी (एपी) अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (आईसीसी) ने फिलीपीन के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो दुतेर्ते के खिलाफ सोमवार को मुकदमा शुरू होने से पहले की सुनवाई शुरू की। दुतेर्ते पर उनके कार्यकाल के दौरान चलाए गए मादक पदार्थ रोधी अभियानों में मानवता के खिलाफ अपराध के तीन आरोप हैं।
दुतेर्ते (80) मामले की सुनवाई के दौरान हेग की अदालत में उपस्थित नहीं थे। अभियोजकों ने उनके तथाकथित मादक पदार्थ रोधी युद्ध के तहत दर्जनों हत्याओं में उनकी कथित संलिप्तता के आरोपों का समर्थन करने के लिए सबूत पेश करना शुरू किया।
ये आरोप दुतेर्ते के दक्षिणी फिलीपीन के दावो शहर के महापौर और बाद में राष्ट्रपति के कार्यकाल से संबंधित हैं। इनमें उनके तथाकथित मादक पदार्थ रोधी अभियान के तहत दर्जनों हत्याएं शामिल हैं।
दुतेर्ते ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को ‘घोर झूठ’ बताया है।
हेग में होने वाली सुनवाई कोई मुकदमा नहीं है, बल्कि यह अभियोजन पक्ष को अदालत में अपना पक्ष रखने का अवसर देती है। सबूतों पर विचार करने के बाद, न्यायाधीशों के पास आरोपों को सुनवाई के लिए स्वीकार करना या खारिज करने का विकल्प है और इसके लिए 60 दिन का समय होता है।
अंतरराष्ट्रीय न्यायालय ने पिछले महीने पाया कि 80 वर्षीय दुतेर्ते मुकदमे का सामना करने के लिए स्वस्थ हैं। इससे पहले उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंताओं के कारण एक सुनवाई स्थगित कर दी गई थी।
मानवाधिकार समूहों और पीड़ितों के परिवारों ने मार्च में दुतेर्ते की गिरफ्तारी का स्वागत करते हुए इसे न्याय की दिशा में एक और कदम करार दिया था।
लोरे पास्को नामक व्यक्ति ने सुनवाई से पहले एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम इसका इतने लंबे समय से इंतजार कर रहे थे, वर्षों से इंतजार कर रहे थे, लेकिन हमने हार नहीं मानी।’’ उन्होंने बताया कि उनके दोनों बेटे मई 2017 में काम पर गए थे और कभी वापस नहीं लौटे, तथा बाद में उनके शव गोलियों से छलनी पाए गए।
दुतेर्ते के समर्थकों ने फिलीपीन के मौजूदा राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के प्रशासन की आलोचना की और कहा कि उन्होंने पूर्व नेता को गिरफ्तार कर एक ऐसे न्यायालय को सौंप दिया, जिसके अधिकार क्षेत्र पर विवाद है।
दुतेर्ते और मार्कोस प्रतिद्वंद्वी हैं।
एपी धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


