पेरिस, तीन जुलाई (एपी) इंटरपोल ने शुक्रवार को मोनाको बम धमाके के पीछे मुख्य संदिग्ध की पहचान यूक्रेन की 39 वर्षीय एक महिला के तौर पर की है जो अब भी फरार है। इस धमाके में कथित तौर पर रूस से जुड़े एक यूक्रेनी उद्योगपति को निशाना बनाया गया था।
वैश्विक पुलिस संगठन ने अपनी वेबसाइट पर एक ‘रेड नोटिस’ जारी कर अनास्तासिया बेरेज़ोव्स्का को संदिग्ध बताया है और सदस्य देशों से उसकी गिरफ्तारी का आह्वान किया है। मोनाको में सोमवार को एक अपार्टमेंट इमारत के प्रवेश द्वारा पर हुए धमाके में घायल तीन लोगों की पहचान अब तक नहीं की जा सकी है।
अधिकारियों ने हालांकि बताया कि तीनों घायल एक ही परिवार के हैं और ऐसा लगता है कि उन्हें विशेष तौर पर निशाना बनाया गया था।
मीडिया ने अपनी खबरों में दावा किया है कि घायलों में निर्माण क्षेत्र से जुड़े यूक्रेन के उद्योगपति वादिम यरमोलाइव शामिल है। खबरों के मुताबिक, यरमोलाइव ने लगभग एक दशक पहले ही यूक्रेन की नागरिकता छोड़ दी थी, और रूस से संबंध होने के कारण 2023 में यूक्रेन ने उन पर प्रतिबंध लगाए थे।
इस घटना में एक महिला और एक बच्चा भी घायल हुआ। लोक अभियोजकों ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ितों में से एक की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उन्होंने हमले में मामूली रूप से घायल हुए दो अन्य लोगों का भी ज़िक्र किया।
इंटरपोल के नोटिस में कहा गया है कि संदिग्ध महिला के दाहिने हाथ पर कंधे से लेकर कोहनी तक एक टैटू है, जो शायद सांप का है। इसमें यह भी बताया गया है कि उसका जन्म यूक्रेन में हुआ था, उसके बाल गहरे रंग के हैं और वह जर्मन भाषा बोलती है।
मोनाको के अधिकारी हत्या की कोशिश, आपराधिक इरादे से सार्वजनिक जगह पर विस्फोटक उपकरण रखने और आपराधिक साज़िश रचने के आरोप में उसकी गिरफ़्तारी चाहते हैं।
मोनाको में उप लोक अभियोजक मॉर्गन रेमंड ने बताया कि बम में रिमोट कंट्रोल का इस्तेमाल करके दूर से विस्फोट किया गया था। उन्होंने कहा कि बम के अवशेषों की जांच फ्रांस में की जा रही है।
यूक्रेन ने रूस के साथ जारी युद्ध के दौरान रूसी हस्तियों पर हमले किए हैं और उनकी लक्षित हत्या की है। हालांकि ये हमले ज़्यादातर यूक्रेन या रूस के इलाके तक ही सीमित रहे हैं।
दिसंबर 2024 में, यूक्रेन की सुरक्षा सेवा ने रूसी सेना के परमाणु, जैविक और रासायनिक सैन्य सुरक्षा बल के प्रमुख की हत्या की जिम्मेदारी ली थी।
एपी धीरज नेत्रपाल
नेत्रपाल