दुबई, 28 फरवरी (एपी) सऊदी अरब ने कहा है कि ईरान ने रियाद और पूर्वी क्षेत्र में ‘कायरतापूर्ण’ हमला किया है।
सऊदी अरब ने सरकारी मीडिया पर एक घोषणा में कहा कि ईरान ने उसकी राजधानी और पूर्वी क्षेत्र को निशाना बनाकर हमला किया, जिसे नाकाम कर दिया गया।
अमेरिका और इजराइल के हमलों के कुछ घंटों बाद, ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड ने कहा कि उसने इजराइल को निशाना बनाते हुए ड्रोन और मिसाइल हमले किये हैं। इन हमलों में किसी भी प्रकार के नुकसान या हताहतों के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिली।
बहरीन ने कहा कि मिसाइल हमले में द्वीप देश में स्थित अमेरिकी नौसेना के पांचवें बेड़े के मुख्यालय को निशाना बनाया गया।
कुवैत में, जहां अमेरिकी सेना का केंद्र स्थित है, प्रत्यक्षदर्शियों ने सायरन और विस्फोटों की आवाजें सुनीं। कतर में भी विस्फोटों की आवाजें सुनी जा सकती थीं।
हूती अधिकारियों के अनुसार, यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने लाल सागर के समुद्री मार्गों और इजराइल पर हमले फिर से शुरू करने की प्रतिबद्धता जताई है।
कतर, संयुक्त अरब अमीरात और इजराइल में अमेरिकी दूतावासों या वाणिज्य दूतावासों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि उन्होंने कर्मचारियों को अपने घरों में ही सुरक्षित रहने को कहा है और सभी अमेरिकियों को ‘‘अगले आदेश तक ऐसा ही करने’’ का परामर्श दिया है।
एपी देवेंद्र माधव
माधव