पश्चिम एशिया में शांति के लिए इस्लामाबाद समझौता ईमानदारी से लागू हो: पाकिस्तान के विदेश मंत्री
पश्चिम एशिया में शांति के लिए इस्लामाबाद समझौता ईमानदारी से लागू हो: पाकिस्तान के विदेश मंत्री
इस्लामाबाद, एक सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने मंगलवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की और कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष को सुलझाने का एकमात्र रास्ता इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन को ‘‘ईमानदारी से लागू करना’’ है।
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, दोनों नेताओं की यह मुलाकात किर्गिस्तान के बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन के दौरान हुई।
विदेश कार्यालय ने ‘एक्स’ पर एक बयान में कहा, ‘‘उपप्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए बातचीत और कूटनीति जरूरी है, और संघर्ष में शामिल दोनों पक्षों द्वारा जून 2026 के इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन को ईमानदारी से लागू करना ही आगे बढ़ने का एकमात्र रास्ता है।’’
जून में, अमेरिका और ईरान ने पश्चिम एशिया में शांति स्थापित करने के मकसद से एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे। पाकिस्तान ने भी एक ‘‘गारंटी देने वाले’’ के तौर पर इस दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए थे।
डार, जो पाकिस्तान के उपप्रधानमंत्री भी हैं, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ किर्गिस्तान के दौरे पर हैं। शहबाज शरीफ आधिकारिक तौर पर बिश्केक में एससीओ शिखर सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश

Facebook


