यरुशलम, 19 अगस्त (एपी) गाजा में बुधवार को घातक हवाई हमलों ने फलस्तीन क्षेत्र में कमजोर पड़ रहे संघर्षविराम को आगे बढ़ाने के अमेरिकी प्रयासों पर और सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय अस्पतालों और फलस्तीनी रेड क्रिसेंट के अनुसार, अमेरिकी वार्ताकारों द्वारा कथित तौर पर इजराइल से गाजा पट्टी में हमले कम करने को कहे जाने के महज दो दिन बाद बुधवार को हुए दो हमलों में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई।
दो प्रत्यक्षदर्शियों और हमास के एक अधिकारी ने बताया कि इजराइली सैनिकों ने दक्षिणी गाजा में संघर्षविराम रेखा पार की और बुधवार तड़के हमास के एक पुलिस कर्नल को हिरासत में लिया।
इजराइली सेना ने कहा कि बुधवार को नुसेरात में एक हमला हमास के एक कमांडर को निशाना बनाकर किया गया था, जो सात अक्टूबर, 2023 को दक्षिणी इजराइल पर हमास के नेतृत्व वाले हमले में शामिल था। उस हमले में करीब 1,200 लोग, जिनमें अधिकतर आम नागरिक थे, मारे गए थे और 251 लोगों का अपहरण कर लिया गया था।
इजराइली सेना के अनुसार, गाजा शहर के तुफाह इलाके में किया गया दूसरा हमला हमास के एक अन्य कमांडर को निशाना बनाकर किया गया, जो इजराइली सैनिकों पर हमले की योजना बना रहा था।
फलस्तीनी रेड क्रिसेंट ने बताया कि बुधवार को गाजा शहर के एक पुलिस थाने पर हुए हमले में कम से कम नौ लोगों की मौत हुई और 15 अन्य घायल हुए। वहीं, नुसेरात में एक व्यक्ति की मौत हुई।
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि मंगलवार शाम को इजराइली हमले में समुद्र किनारे स्थित एक व्यस्त कैफे को निशाना बनाया गया, जिसमें एक बच्चे समेत सात फलस्तीनी मारे गए।
इजराइली सेना ने कहा कि मंगलवार का हमला हमास के चार कमांडरों और अन्य लड़ाकों की बैठक को निशाना बनाकर किया गया था। सेना ने हालांकि लक्षित कमांडरों के नाम नहीं बताए और न ही यह पुष्टि की कि वे मारे तो नहीं गए।
अमेरिकी वार्ताकार एवं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर ने सोमवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ लंबी बैठक की थी। बैठक के बारे में जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के अनुसार, कुशनर ने इजराइली नेता से गाजा में हमले कम करने को कहा था।
इस बीच, इजराइली सेना ने बुधवार को कहा कि उसने गाजा युद्ध के दौरान सैनिकों के आचरण से जुड़े 150 मामलों की समीक्षा पूरी कर ली है और वह पांच वर्षीय बच्ची तथा उसके परिवार की मौत और 15 फलस्तीनी स्वास्थ्यकर्मियों की मौत के मामलों में आपराधिक जांच शुरू करेगी।
बुधवार के हमलों के बाद हमास के प्रवक्ता हाजिम कासिम ने ट्रंप द्वारा संघर्षविराम की निगरानी के लिए बनाए गए ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि यह संस्था संघर्षविराम समझौते का पालन कराने के बजाय इजराइल को गाजा में हमले बढ़ाने के लिए ‘‘आड़’’ उपलब्ध करा रही है।
एपी अमित वैभव
वैभव