यरूशलम, 19 मई (एपी) गाजा में नाकेबंदी को चुनौती देने जा रहे कार्यकर्ताओं के एक छोटे जहाज को मंगलवार को इजराइली सुरक्षा बलों ने रोक दिया।
छोटे जहाजों की आवाजाही पर नजर रखने वाली एक वेबसाइट के मुताबिक, जहाज को गाजा से लगभग 82 समुद्री मील (करीब 150 किलोमीटर) की दूरी पर रोका गया।
वेबसाइट पर लाइव प्रसारित किए गए एक वीडियो में इजराइली सुरक्षा बल एक छोटी नौका से ‘एंड्रोस’ नामक जहाज के पास पहुंचते दिखाई दिए, जबकि कार्यकर्ता अपने हाथ ऊपर उठाए हुए नजर आए। इसके बाद स्क्रीन काली हो गई और एक संदेश आया, जिसमें कहा गया कि जहाज को रोक लिया गया है।
मंगलवार दोपहर तक कुछ जहाज गाजा के लगभग 100 समुद्री मील के दायरे में थे और उसकी ओर बढ़ रहे थे।
इजराइली नौसेना ने ताजा कार्रवाई साइप्रस के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कार्यकर्ताओं के जहाज के काफिले को रोकने के एक दिन बाद की।
यह ‘ग्लोबल सुमूद फ्लोटिला’ की ओर से गाजा पट्टी पर इजराइल की समुद्री नाकेबंदी को चुनौती देने और वहां रह रहे फलस्तीनियों की गंभीर स्थितियों को उजागर करने का एक और प्रयास था।
आयोजकों के अनुसार, पिछले हफ्ते तुर्किये के मारमारिस बंदरगाह से दर्जनों जहाज रवाना हुए, जो गाजा के तट तक उनकी प्रस्तावित यात्रा के अंतिम चरण का हिस्सा थे। सोमवार को लगभग 41 नावों को रोका गया था।
एपी आशीष पारुल
पारुल