इजराइल के विपक्षी नेता लापिड ने कहा: ईरान के साथ अमेरिका का समझौता ‘क्षेत्र के लिए बुरा’ है
इजराइल के विपक्षी नेता लापिड ने कहा: ईरान के साथ अमेरिका का समझौता ‘क्षेत्र के लिए बुरा’ है
यरूशलम, 25 मई (एपी) इजराइल के विपक्षी नेता येर लापिड ने सोमवार को कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौता युद्ध को लेकर इजराइल के किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में विफल रहा है।
लापिड, जो इस साल के चुनावों में नेतन्याहू को सत्ता से हटाने की कोशिश कर रहे गठबंधन का हिस्सा हैं, ने कहा कि उभरते समझौते के विवरण ‘‘चिंताजनक’’ हैं।
यरूशलम में पत्रकारों से बात करते हुए लापिड ने कहा, ‘‘यह समझौता इजराइल के लिए बुरा है, क्षेत्र के लिए बुरा है, और ईरान के नागरिकों के लिए भी बुरा है।’’
इजराइल और अमेरिका ने 28 फरवरी को युद्ध की शुरुआत की, और ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को नष्ट करने, पूरे क्षेत्र में उसके छद्म आतंकवादी समूहों को दिए जा रहे समर्थन को समाप्त करने और ईरान की परमाणु बम बनाने की क्षमता को खत्म करने का संकल्प लिया।
नेतन्याहू और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, दोनों ने यह भी कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे ईरान की सरकार को गिराने के लिए परिस्थितियां तैयार करेंगे।
क्षेत्रीय अधिकारियों के अनुसार, संभावित समझौते के तहत, ईरान अपने उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार को छोड़ देगा और रणनीतिक होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोल देगा। इसके बदले में ईरान को अपने बंदरगाहों पर अमेरिका द्वारा लगाई गई नाकाबंदी समाप्त करनी होगी और ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाने होंगे।
इसके बाद 60 दिनों के भीतर ईरान के परमाणु कार्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण विवरणों पर बातचीत की जाएगी। यह स्पष्ट नहीं है कि समझौते में ईरान की मिसाइलों या क्षेत्रीय आतंकवादी समूहों को दिए जा रहे समर्थन का मुद्दा शामिल होगा या नहीं।
लापिड ने इजराइल के साथ युद्ध शुरू करने के लिए ट्रंप का आभार व्यक्त किया, लेकिन नेतन्याहू की इस बात के लिए आलोचना की कि उन्होंने वाशिंगटन को इजराइल के साथ बहुत कम समन्वय के साथ संभावित समझौते पर बातचीत करने की अनुमति दी।
उन्होंने कहा, ‘‘वाशिंगटन में निर्णयों को प्रभावित करने की इजराइली सरकार की क्षमता अब तक के सबसे निचले स्तर पर है।‘‘ उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि ट्रंप ने पिछले सप्ताह कहा था, ‘‘नेतन्याहू वही करेंगे जो मैं उनसे करवाना चाहता हूं।’’
मध्यमार्गी ‘‘येश एतिद’’ पार्टी के प्रमुख लापिड ने एक छोटे रूढ़िवादी दल के नेता नफ्ताली बेनेट के साथ एक समझौते के तहत 2022 में थोड़े समय के लिए प्रधानमंत्री के रूप में कार्य किया था। उनकी गठबंधन सरकार ने नेतन्याहू के 12 साल के शासन का अंत किया था।
एपी सुभाष माधव
माधव

Facebook


