इजराइल के राष्ट्रपति ने सिडनी के बॉन्डी बीच हमला स्थल का दौरा किया, पीड़ित परिवारों से मिले
इजराइल के राष्ट्रपति ने सिडनी के बॉन्डी बीच हमला स्थल का दौरा किया, पीड़ित परिवारों से मिले
मेलबर्न, नौ फरवरी (एपी) इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने सोमवार को ऑस्ट्रेलिया की राजकीय यात्रा की शुरुआत करते हुए सिडनी के बॉन्डी बीच में हुए यहूदी-विरोधी हमले की जगह पर पुष्पांजलि अर्पित की और पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की। इस हमले में 15 लोगों की मौत हुई थी।
हर्जोग ने 14 दिसंबर को बॉन्डी बीच में आयोजित एक यहूदी उत्सव के दौरान हुए हमले के पीड़ित परिवारों और जीवित बचे लोगों से मुलाकात की। हमले के बाद पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो कथित हमलावरों में से एक मारा गया था। दूसरे आरोपी नवीन अकरम पर आतंकवादी हमला करने, 15 लोगों की हत्या और 40 अन्य को घायल करने का आरोप है। यह घटना पिछले 29 वर्षों में ऑस्ट्रेलिया की सबसे घातक सामूहिक गोलीबारी बताई जा रही है।
राष्ट्रपति हर्जोग ने बॉन्डी पैविलियन में पुष्पचक्र अर्पित किया और यरुशलम से लाए गए दो पत्थर भी वहां रखे। उन्होंने कहा कि ये पत्थर पीड़ितों की स्मृति में वहीं रहेंगे तथा यह संदेश देंगे कि सभी धर्मों और देशों के अच्छे लोग आतंकवाद, हिंसा एवं नफरत के खिलाफ एकजुट रहेंगे।
हर्जोग ने संवाददाताओं से कहा, “बॉन्डी बीच हमले की खबर से हम भीतर तक हिल गए थे। मैं यहां एकजुटता, मित्रता और प्रेम व्यक्त करने आया हूं।” उन्होंने कहा कि यह यात्रा इजराइल और ऑस्ट्रेलिया के बीच संबंधों को और मजबूत करने का अवसर भी है, क्योंकि दोनों देश लोकतांत्रिक मूल्यों को साझा करते हैं।
राष्ट्रपति के बॉन्डी दौरे के दौरान कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। इमारतों की छतों पर पुलिस स्नाइपर तैनात थे। हर्जोग अपनी पत्नी मिशाल हर्जोग के साथ ऑस्ट्रेलिया आए हैं और वे मेलबर्न एवं राजधानी कैनबरा का भी दौरा करेंगे। बृहस्पतिवार को उनके इजराइल लौटने की संभावना है।
हर्जोग ने कहा कि बॉन्डी हमले के बाद ऑस्ट्रेलिया सरकार द्वारा यहूदी-विरोधी गतिविधियों से निपटने के लिए उठाए गए कदम सकारात्मक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के कई देशों में इस तरह की नफरत की लहर देखी जा रही है, जिनमें ऑस्ट्रेलिया भी शामिल है।
एपी मनीषा सिम्मी
सिम्मी

Facebook


