कमला हैरिस को उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी पहली लातिन अमेरिकी न्यायमूर्ति

Ads

कमला हैरिस को उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी पहली लातिन अमेरिकी न्यायमूर्ति

  •  
  • Publish Date - January 17, 2021 / 01:56 PM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:15 PM IST

(ललित के. झा)

वाशिंगटन, 17 जनवरी (भाषा) प्रथम महिला, प्रथम अश्वेत और दक्षिण एशियाई मूल की प्रथम उप राष्ट्रपति के तौर पर बुधवार को शपथ ग्रहण करने के साथ कमला हैरिस इतिहास रचने जा रही हैं।

उन्हें न्यायमूर्ति सोनिया सोटोमायोर 20 जनवरी को अमेरिका के उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाएंगी। सोटोमायोर पहली लातिन अमेरिकी न्यायमूर्ति हैं।

एबीसी न्यूज की खबर के मुताबिक नवनिर्वाचित उप राष्ट्रपति कमला (58) सोटोमायोर की पृष्ठभूमि को प्रेरक मानती हैं।

एक सूत्र के मुताबिक सोटोमायोर का चयन हैरिस ने किया है। दोनों ही अभियोजक रह चुकी हैं। हैरिस कैलिफोर्निया में ,जबकि सोटोमायारो न्यूयार्क में अभियोजक रही हैं।

शपथ ग्रहण के लिए हैरिस दो बाइबल का उपयोग करेंगी, जिनमें से एक रेगीना शेल्टन की होगी। हैरिस और उनकी बहन माया उन्हें मां के समान मानती हैं।

सीएनन की खबर के मुताबिक हैरिस ने कैलिफोर्निया के अटार्नी जनरल पद की शपथ के लिए शेल्टन की बाइबल का उपयोग किया था।

दूसरी बाइबल थरगुड मार्शल की होगी, जो सुप्रीम कोर्ट में प्रथम अफ्रीकी-अमेरिकी न्यायाधीश रहे हैं।

हैरिस, सोटोमायोर और मार्शल दोनों की प्रशंसक रही हैं।

हैरिस ने ट्विटर पर पोस्ट एक वीडियो में कहा था कि ‘‘उनके वकील बनने की इच्छा के पीछे एक प्रमुख वजह मार्शल हैं।’’

सोटोमायोर ने इससे पहले 2013 में जो बाइडन को उप राष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई थी।

भाषा

सुभाष नरेश

नरेश