मनोहर लाल ने भारत से सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखने के लिए अमेरिका में प्रवासी भारतीयों की सराहना की

मनोहर लाल ने भारत से सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखने के लिए अमेरिका में प्रवासी भारतीयों की सराहना की

मनोहर लाल ने भारत से सांस्कृतिक जुड़ाव बनाए रखने के लिए अमेरिका में प्रवासी भारतीयों की सराहना की
Modified Date: September 14, 2026 / 08:13 am IST
Published Date: September 14, 2026 8:13 am IST

(सीमा हाकू काचरू)

ह्यूस्टन (अमेरिका), 14 सितंबर (भाषा) जी20 देशों के ऊर्जा मंत्रियों की बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए ह्यूस्टन आए केंद्रीय विद्युत तथा आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ ही भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए प्रवासी भारतीय समुदाय की सराहना की।

जी20 की यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब ईरान और यूक्रेन में युद्धों के कारण दुनिया भर में कच्चे तेल की आपूर्ति बुरी तरह बाधित है।

ह्यूस्टन में भारत के महावाणिज्य दूत डी. सी. मंजूनाथ ने हवाई अड्डे पर मंत्री की अगवानी की।

अमेरिका की जी20 अध्यक्षता में ‘ऊर्जा प्रचुरता’ विषय पर जी20 देशों की मंत्रिस्तरीय बैठक सोमवार से बुधवार तक होगी। इसमें अमेरिका के गृह मंत्री डग बर्गम, ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट और ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का आधिकारिक आवास एवं कार्यालय) के अधिकारी जारोड एजेन समेत दुनिया के कई प्रमुख नेता हिस्सा लेंगे।

मंत्रिस्तरीय बैठक की पूर्व संध्या पर प्रवासी भारतीय समुदाय ने रविवार शाम ‘इंडिया हाउस’ में मंत्री के सम्मान में स्वागत समारोह आयोजित किया और इस दौरान मनोहर लाल ने पेशेवरों, उद्यमियों, विद्यार्थियों और सांस्कृतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम में ‘हरियाणवी एसोसिएशन ऑफ नॉर्थ अमेरिका’ (हारिट), ‘इंडिया कल्चर सेंटर’ (आईसीसी), ‘इंडो-अमेरिकन चैंबर ऑफ कॉमर्स ऑफ ग्रेटर ह्यूस्टन’ (आईएसीसीजीएच) और ‘सेवा इंटरनेशनल’ समेत विभिन्न क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।

मंत्री ने अमेरिका के सामाजिक एवं आर्थिक ताने-बाने में महत्वपूर्ण योगदान देने और भारत से अपने मजबूत सांस्कृतिक जुड़ाव को बनाए रखने के लिए समुदाय की सराहना की।

महावाणिज्य दूत मंजूनाथ ने मंत्री का स्वागत करते हुए औपचारिक भाषण दिया और भारत में लोक प्रशासन के क्षेत्र में मंत्री के एक दशक लंबे कार्यकाल और उनके नागरिक-केंद्रित नेतृत्व का उल्लेख किया।

इससे पहले दिन में मनोहर लाल ने हिंदी दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ह्यूस्टन स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास और ‘इंटरनेशनल हिंदी एसोसिएशन’ की ह्यूस्टन इकाई द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

मंत्री ने हिंदी की समृद्धि, समावेशिता और वैश्विक पहुंच का उल्लेख करते हुए भारतीय-अमेरिकी समुदाय से विदेश में अपनी भाषायी विरासत को सक्रिय रूप से संरक्षित और प्रोत्साहित करने का आह्वान किया ताकि भावी पीढ़ियां अपनी जड़ों से जुड़ी रहें।

मंत्री ने शिखर सम्मेलन से इतर अपने आधिकारिक कार्यक्रम के तहत अमेरिका की ‘नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन’ (नासा) के जॉनसन अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा किया। ‘स्पेस सेंटर ह्यूस्टन’ के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी विलियम टी. हैरिस ने प्रतिनिधिमंडल को केंद्र का दौरा कराया। इसके बाद अंतरिक्ष क्षेत्र और अंतरिक्ष-आधारित प्रौद्योगिकियों में द्विपक्षीय रणनीतिक सहयोग बढ़ाने पर बातचीत हुई।

महावाणिज्य दूतावास परिसर में मंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाकर ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान में ह्यूस्टन स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास की भागीदारी की शुरुआत की।

तीन दिवसीय जी20 ऊर्जा मंत्रिस्तरीय बैठक के दौरान मनोहर लाल ऊर्जा सुरक्षा और सस्ती ‘बेसलोड’ बिजली (लगातार उपलब्ध रहने वाली न्यूनतम विद्युत आपूर्ति), अनुमति एवं नियामक प्रक्रियाओं संबंधी दक्षता तथा महत्वपूर्ण खनिजों और मजबूत आपूर्ति शृंखलाओं पर केंद्रित प्रमुख सत्रों में हिस्सा लेंगे।

भारतीय प्रतिनिधिमंडल आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए व्यावहारिक और प्रौद्योगिकी-तटस्थ उपायों की वकालत करेगा। साथ ही वह अनुमति संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाने और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाने के लिए भारत में किए गए सुधारों की जानकारी भी साझा करेगा।

भाषा सिम्मी खारी

खारी


लेखक के बारे में