हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद पाकिस्तान ने सऊदी अरब का समर्थन किया
हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद पाकिस्तान ने सऊदी अरब का समर्थन किया
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 13 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान ने सऊदी अरब पर हाल में हुए हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद रविवार को उसके प्रति ‘पूर्ण एकजुटता’ व्यक्त की और चेतावनी दी कि ये हमले क्षेत्रीय सुरक्षा तथा वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए खतरा हैं।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सऊदी अरब के युवराज मोहम्मद बिन सलमान के साथ फोन पर बातचीत के दौरान यह समर्थन दोहराया।
पाकिस्तान की यह प्रतिक्रिया इराक की तरफ से हूती विद्रोहियों द्वारा किए गए ड्रोन हमले के बाद सामने आई है, जिसके चलते सऊदी अरब ने अपनी 1,200 किलोमीटर लंबी ‘पूर्व-पश्चिम’ तेल पाइपलाइन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
यह पाइपलाइन सऊदी तेल निर्यात के लिए एक प्रमुख वैकल्पिक मार्ग है, क्योंकि यह कच्चे तेल को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजारे बिना लाल सागर तक पहुंचने की अनुमति देती है। फरवरी से अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित हुई है।
शरीफ ने सऊदी अरब के नागरिक व आर्थिक बुनियादी ढांचे पर हूती विद्रोहियों के हमलों की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि इन हमलों से वैश्विक अर्थव्यवस्था तथा ऊर्जा आपूर्ति और अधिक प्रभावित हो सकती है।
पाकिस्तानी पीएमओ के बयान के अनुसार, ‘सऊदी नेतृत्व के साथ-साथ सऊदी अरब के भाईचारे वाले लोगों के प्रति पूर्ण एकजुटता व्यक्त करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि हालिया हूती विद्रोहियों की कार्रवाइयों ने क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा को खतरे में डाला है तथा इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था व ऊर्जा आपूर्ति में और व्यवधान आ सकता है।’
बयान में कहा गया है कि सऊदी अरब के युवराज ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए इस्लामाबाद के प्रयासों की सराहना की। इसमें कहा गया कि दोनों नेता लगातार संपर्क में रहने पर सहमत हुए और जल्द ही मिलने की उम्मीद जताई।
भाषा सुमित दिलीप
दिलीप

Facebook


