मैथ्यू पेरी की ‘केटामाइन’ के कारण हुई मौत के मामले में निजी सहायक को जेल

Ads

मैथ्यू पेरी की ‘केटामाइन’ के कारण हुई मौत के मामले में निजी सहायक को जेल

  •  
  • Publish Date - May 28, 2026 / 09:05 AM IST,
    Updated On - May 28, 2026 / 09:05 AM IST

लॉस एंजिलिस, 28 मई (एपी) अमेरिका के लोकप्रिय टीवी धारावाहिक ‘फ्रेंड्स’ के अभिनेता मैथ्यू पेरी को ‘केटामाइन’ की लत की ओर धकेलने और उन्हें अत्यधिक मात्रा में मादक पदार्थ देने वाले उनके निजी सहायक केनेथ इवामासा को बुधवार को तीन साल पांच महीने जेल की सजा सुनाई गई।

लॉस एंजिलिस की संघीय अदालत में सजा सुनाते हुए न्यायाधीश शेरिलिन पीस गार्नेट ने 60 वर्षीय इवामासा से कहा कि वह अभिनेता के नशे की लत से जुड़े संघर्ष से पूरी तरह वाकिफ था और मौत वाले दिन तथा उससे पहले के दिनों में उसका व्यवहार बेहद लापरवाह था।

अदालत ने इवामासा पर 10 हजार डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है और उसे दो साल की निगरानी अवधि में रहना होगा। अदालत ने उसे 17 जुलाई तक जेल में आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।

पेरी के अंतिम दिनों में इवामासा ही उनके साथ रहते थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, वह अभिनेता के लिए मादक पदार्थ की व्यवस्था कराने और अनौपचारिक तरीके से चिकित्सक की भूमिका निभाने का काम कर रहा था।

अभिनेता पेरी 28 अक्टूबर 2023 को अपने जैकूजी में मृत पाए गए थे और सबसे पहले इवामासा ने ही उन्हें देखा था। इस मामले में चिकित्सकों और मादक पदार्थ तस्करों के एक गिरोह की भी जांच हुई थी। इनमें “केटामाइन क्वीन” जसवीन सांघा का नाम भी शामिल था, जिसे 15 साल की सजा सुनाई गई थी।

करीब तीन घंटे चली सुनवाई के दौरान इस बात पर बहस हुई कि किसी प्रभावशाली व्यक्ति के कर्मचारी को उसकी नशे की लत से जुड़े मामलों में कितना जिम्मेदार माना जा सकता है।

पेरी की मां और बहनों ने अदालत को लिखे पत्रों में कहा कि उनकी मौत के लिए वे सबसे ज्यादा इवामासा को जिम्मेदार मानती हैं। परिवार को उम्मीद थी कि लंबे समय से करीबी रहे इवामासा अभिनेता को नशे की लत से दूर रखने में मदद करेंगे।

इवामासा के वकील एलन आइजनर ने अदालत से कहा, “उनकी (इवामासा की) सबसे बड़ी प्राथमिकता मैथ्यू पेरी के प्रति वफादारी थी। वह पेरी की बहुत इज्जत करते थे। उन्होंने वही किया जिससे पेरी खुश रहें।”

शुरुआत में इवामासा ने पुलिस से झूठ बोला और ‘केटामाइन’ के इस्तेमाल से जुड़े सबूत भी हटा दिए। लेकिन जनवरी 2024 में जांचकर्ताओं द्वारा तलाशी वारंट जारी किए जाने के बाद उसने सच कबूल कर लिया।

एपी खारी गोला

गोला