मेक्सिको और अल सल्वाडोर की नौसेनाओं ने 10 टन से अधिक कोकीन जब्त की
मेक्सिको और अल सल्वाडोर की नौसेनाओं ने 10 टन से अधिक कोकीन जब्त की
मेक्सिको सिटी, 20 फरवरी (एपी) अल सल्वाडोर और मेक्सिको की नौसेनाओं ने इस सप्ताह प्रशांत महासागर में 10 टन से अधिक कोकीन जब्त किए जाने का दावा किया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब अमेरिकी सरकार द्वारा लातिन अमेरिकी जलक्षेत्र में मादक पदार्थ ले जाने के संदेह में नौकाओं पर किए गए घातक हमलों में इस सप्ताह 11 लोगों की मौत हुई है।
प्रशांत महासागर में कोकीन जब्त किए जाने की घोषणा बृहस्पतिवार को मेक्सिको की ओर से की गई। इसमें बताया गया कि मंजानिलो बंदरगाह से लगभग 250 समुद्री मील (463 किलोमीटर) दक्षिण में एक नौका से करीब चार टन संदिग्ध मादक पदार्थ जब्त कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
मेक्सिको के सुरक्षा मंत्री ओमार गार्सिया हारफुच ने ‘एक्स’ पर कहा कि तीन मोटरों वाली इस नौका से बरामदगी के साथ इस सप्ताह की कुल जब्ती लगभग 10 टन हो गई है। अन्य बरामदगी का विवरण नहीं दिया गया।
मेक्सिको के अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई ‘यूएस नॉर्दर्न कमांड’ और ‘यूएस जॉइंट इंटरएजेंसी टास्क फोर्स साउथ’ से साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर की गई।
रविवार को अल सल्वाडोर की नौसेना ने देश के इतिहास में सबसे बड़ी 6.6 टन कोकीन जब्ती की घोषणा की थी। नौसेना ने तंजानिया में पंजीकृत 180 फुट लंबी एक नौका को तट से 380 मील (611 किलोमीटर) दक्षिण-पश्चिम में रोका। गोताखोरों को नौका में छिपाए गए 330 पैकेट कोकीन मिले। इस कार्रवाई में कोलंबिया, निकारागुआ, पनामा और इक्वाडोर के 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
बृहस्पतिवार को अल सल्वाडोर के अधिकारियों ने जब्त पोत ‘एफएमएस ईगल’ को ला यूनियन बंदरगाह पर मीडिया के लिए प्रदर्शित किया, जहां डेक पर 200 से अधिक पैकेट रखे गए थे।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने पिछले वर्ष मेक्सिको पर मादक पदार्थों की जब्ती बढ़ाने का दबाव बनाया था।
मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम ने अपने पूर्ववर्ती की तुलना में मादक पदार्थ गिरोहों के खिलाफ अधिक आक्रामक रुख अपनाया है, जिसमें दर्जनों तस्करी आरोपियों को अभियोजन के लिए अमेरिका भेजना शामिल है।
हालांकि, शीनबाम ने कैरेबियाई सागर और प्रशांत महासागर में संदिग्ध नौकाओं के खिलाफ अमेरिकी सैन्य हमलों पर असहमति भी जताई है।
पिछले सितंबर से अमेरिका द्वारा तथाकथित “नार्को-आतंकवादियों” को निशाना बनाए जाने के बाद से ऐसे हमलों में कम से कम 145 लोगों की मौत हो चुकी है।
एपी मनीषा अमित
अमित

Facebook


