मिजोरम : 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और सुपारी जब्त
मिजोरम : 14 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और सुपारी जब्त
आइजोल, 27 जुलाई (भाषा) असम राइफल्स ने राज्य की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ मिलकर मिजोरम में चार अलग-अलग अभियानों में 14.2 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ और तस्करी की गई सुपारी जब्त की है। इस कार्रवाई में दो म्यांमा नागरिकों समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि 24 से 26 जुलाई के बीच मिजोरम पुलिस, आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग, सहयोगी खुफिया एजेंसियों और सीमा शुल्क निवारक बल के समन्वय में चलाए गए इन अभियानों में मेथामफेटामीन, हेरोइन और बड़ी मात्रा में तस्करी की गई सुपारी बरामद की गई।
अधिकारी ने बताया कि मादक पदार्थ बरामदगी 24 जुलाई को साइरांग में हुई, जहां विशेष खुफिया सूचना के आधार पर असम राइफल्स और मिजोरम पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर 2.18 किलोग्राम मेथामफेटामीन की गोलियां बरामद कीं, जिनकी कीमत 6.57 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मेथामफेटामीन की गोलियां, जिन्हें ‘क्रेजी ड्रग’ भी कहा जाता है, भारत में प्रतिबंधित हैं।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा दो वाहन और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों और जब्त किए गए मादक पदार्थों को स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत जांच के लिए साइरांग पुलिस थाने को सौंप दिया गया है।
असम राइफल्स ने 26 जुलाई को चलाए गए अभियान में आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग से मिली खुफिया सूचना के आधार पर म्यांमा सीमा के पास सियाहा जिले के सियासी गांव में संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान तीन करोड़ रुपये मूल्य की 401 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
अधिकारी ने बताया कि दो म्यांमा नागरिकों को पकड़ा गया और उनके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों और बरामद मादक पदार्थों को कानूनी कार्रवाई के लिए आबकारी एवं मादक पदार्थ विभाग को सौंप दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि इन चारों अभियानों में 2.18 किलोग्राम मेथामफेटामीन की गोलियां, 468 ग्राम हेरोइन, 40.08 टन तस्करी की सुपारी, दो वाहन और सात मोबाइल फोन जब्त किए गए। इस दौरान सात लोगों को हिरासत में लिया गया।
भाषा तान्या नरेश
नरेश

Facebook


