भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए मोदी और मैं उत्सुक: अल्बनीज
भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए मोदी और मैं उत्सुक: अल्बनीज
न्यूयॉर्क, 28 सितंबर (भाषा) ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कहा है कि भारत-ऑस्ट्रेलिया साझेदारी का पूरी तरह इस्तेमाल नहीं हो पाया और वह तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘इसे ठीक करने के लिए बहुत उत्सुक हैं।’’
अल्बनीज ने यह टिप्पणी पिछले सप्ताह यहां एशिया सोसाइटी द्वारा आयोजित एक बैठक के दौरान की। यह कार्यक्रम संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्चस्तरीय सत्र से इतर आयोजित किया गया था।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का दिसंबर में भारत की यात्रा का कार्यक्रम है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे बीच कई समानताएं भी हैं। हम दोनों राष्ट्रमंडल के सदस्य हैं और हमारे बीच भाषा तथा विश्वविद्यालयों के क्षेत्र में भी सहयोग है। हालांकि, अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध और साझेदारी का पूरी तरह उपयोग नहीं हो पाया है, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी और मैं इसे ठीक करने के लिए बहुत उत्सुक हैं।’’
अल्बनीज ने कहा कि वह 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मेजबानी में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए अमेरिका आते समय भारत की यात्रा करेंगे।
भारत यात्रा के दौरान अल्बनीज ‘जी डे नमस्ते’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। इसमें ऑस्ट्रेलिया के बिजनेस काउंसिल और अन्य हितधारकों की भागीदारी से सांस्कृतिक, कारोबारी और खेल गतिविधियों की प्रस्तुति की जाएगी।
अल्बनीज ने कहा कि वह मुंबई में ‘‘कई कारोबारी प्रतिनिधियों’’ को साथ लेकर जाएंगे और भारत यात्रा का समापन चेन्नई में क्रिकेट मैच के साथ होगा, जिसमें विक्टोरिया और पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की टीम खेलेंगी।
इस कार्यक्रम का संचालन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री और एशिया सोसाइटी के वैश्विक अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी केविन रुड ने किया। उन्होंने कहा कि भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं।
अल्बनीज ने कहा, ‘‘भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगा। वह पहले ही दुनिया की सबसे अधिक आबादी वाला देश है।’’
अल्बनीज ने भारत में ऊर्जा की पहुंच बढ़ाने का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी को देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत में जितने लोगों को ऊर्जा सुविधा से जोड़ा गया, उतना ‘‘मानव इतिहास में किसी देश या क्षेत्र के किसी भी दशक में’’ नहीं हुआ।
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उनके साथ हमारे मजबूत संबंध हैं। मुझे लगता है कि आर्थिक साझेदारी के क्षेत्र में अभी बहुत कुछ किया जा सकता है।’’
अल्बनीज ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वह और मोदी एक-दूसरे के देशों की दो-दो बार यात्रा कर चुके हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में मोदी की यात्राओं के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के जुटने का भी जिक्र किया।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


