मॉन्ट्रियल में होटल पर गोलीबारी में पुलिस अधिकारी की मौत, हमलावर ढेर

Ads

मॉन्ट्रियल में होटल पर गोलीबारी में पुलिस अधिकारी की मौत, हमलावर ढेर

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 11:25 AM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 11:25 AM IST

मॉन्ट्रियल, 23 जून (एपी) कनाडा के मॉन्ट्रियल शहर में सोमवार को हिल्टन होटल में एक हथियारबंद हमलावर ने गोलीबारी की, जिसमें एक पुलिस अधिकारी की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में हमलावर भी मारा गया।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में एक आम नागरिक की भी मौत हो गई, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि उसे गोली किसने मारी।

पुलिस प्रमुख फैडी दाघेर ने बताया कि शहर के कोटे-दे-नेज इलाके में हुई इस गोलीबारी में एक अन्य पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गया, लेकिन उसकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने पुष्टि की कि हमलावर को पुलिस ने मौके पर ही मार गिराया।

पुलिस प्रमुख ने कहा कि पिछले 24 वर्षों में यह पहली बार है जब मॉन्ट्रियल के किसी पुलिस अधिकारी की ड्यूटी के दौरान मौत हुई है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह एक बहुत दुखद दिन है। यह एक बुरे सपने जैसा है।’’

दाघेर ने बताया कि स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्न लगभग 11:35 बजे किसी ने आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी कि हिल्टन होटल की एक खिड़की से एक व्यक्ति बंदूक बाहर निकालकर लहरा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो उन पर गोलीबारी की गई। वीडियो में यह भी दिखा कि हमलावर होटल के बाहर भी मौजूद था।

पुलिस अब भी हमलावर के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

दाघेर ने कहा कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि नागरिक को गोली किसने मारी।

सोशल मीडिया पर सार्वजनिक हुए एक वीडियो में पुलिस और एक लंबे हथियार से लैस व्यक्ति के बीच गोलीबारी होती दिखाई दे रही है, जिसने ऑलिव रंग की जैकेट और कार्गो पैंट पहन रखी थी।

गोलीबारी स्थल के पास निर्माण कार्य कर रहे जैकब कौटू ने बताया कि उन्होंने सोमवार सुबह चार या पांच गोलियों की आवाज सुनीं।

उन्होंने कहा कि कुछ मिनट बाद बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचने लगे और इसके बाद उन्हें फिर से गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं।

सार्वजनिक सुरक्षा अधिकारियों ने इलाके में एक हथियारबंद और खतरनाक संदिग्ध की मौजूदगी को लेकर आपातकालीन अलर्ट जारी किया और निवासियों से अपने घरों में ही रहने की अपील की।

इस अलर्ट के कारण एक प्रमुख राजमार्ग, डेकारी एक्सप्रेसवे पर अस्थायी रूप से यातायात बंद करना पड़ा, साथ ही मेट्रो की दो लाइनों के महत्वपूर्ण हिस्सों को भी कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया।

दाघेर ने पुष्टि की कि अधिकारियों द्वारा अलर्ट जारी किए जाने से पहले ही संदिग्ध को मार गिराया गया था। बाद में अधिकारियों ने अपराह्न तीन बजे के बाद यह अलर्ट वापस ले लिया।

एपी शोभना मनीषा

मनीषा