तिब्बत में भूस्खलन के बाद 550 से अधिक लोग लापता

Ads

तिब्बत में भूस्खलन के बाद 550 से अधिक लोग लापता

  •  
  • Publish Date - August 27, 2026 / 10:18 AM IST,
    Updated On - August 27, 2026 / 10:18 AM IST

बीजिंग, 27 अगस्त (एपी) चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में नेपाल से लगे सीमावर्ती इलाके में बड़े पैमाने पर हुए भूस्खलन के बाद 588 लोग लापता बताए जा रहे हैं। सरकारी मीडिया ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बृहस्पतिवार को हताहत हुए लोगों के नवीनतम आंकड़े देते हुए बताया कि अब तक दो स्थानीय ग्रामीणों को बचाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल की ओर आए इस भूस्खलन ने बुधवार सुबह तिब्बत के ग्यिरोंग काउंटी स्थित ग्यिरोंग पोर्ट को अपनी चपेट में ले लिया।

चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने बुधवार को तिब्बत में चीन-नेपाल सीमा के पास स्थित गांवों और कस्बों में अचानक आई भीषण बाढ़ के बाद लापता लोगों की तलाश और बचाव के लिए हरसंभव प्रयास करने का आदेश दिया था। इस बाढ़ में भारी संख्या में लोग हताहत हुए हैं।

शिन्हुआ ने बृहस्पतिवार को बताया कि भूस्खलन में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि 588 अन्य लोग लापता हैं।

इस बीच, पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की वेस्टर्न थिएटर कमांड का एक संचालन दल बृहस्पतिवार को प्रभावित इलाके में भेजा गया। यह कमांड तिब्बत में भारत-चीन सीमा की निगरानी करती है। दल को नेपाल सीमा के करीब स्थित भूस्खलन प्रभावित ग्यिरोंग काउंटी में सैन्यकर्मियों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त बचाव अभियान में समन्वय के लिए भेजा गया है।

शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, वाई-20 परिवहन विमान से भेजा गया यह दल राहत एवं बचाव कार्यों में मदद के लिए सैन्य बलों को संगठित करेगा।

आपदा के बाद कमांड ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कई बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्र में भेजा। इन दलों को सड़कें साफ करने, आपदा का आकलन करने, तलाश एवं बचाव अभियान चलाने तथा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के काम में लगाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, भेजा गया दल पीएलए और सशस्त्र पुलिस बल की बचाव इकाइयों की एकीकृत कमान संभालेगा। विमानन, चिकित्सा, परिवहन और इंजीनियरिंग इकाइयों को भी जरूरत पड़ने पर समय पर अभियान चलाने के लिए पूरी तरह तैयार रखा गया है।

इस बीच, चीन स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को तिब्बत-नेपाल सीमा पर अचानक आई बाढ़ में फंसे भारतीय नागरिकों के लिए एक परामर्श जारी किया है। इसमें सहायता प्राप्त करने के लिए संपर्क सूत्रों की जानकारी दी गई है।

भाषा गोला वैभव

वैभव