(शिरीष बी. प्रधान)
काठमांडू, 18 जुलाई (भाषा) नेपाल में चोरी और लूटपाट की कई घटनाओं में संलिप्तता के आरोप में दो भारतीयों और दो चीनी नागरिकों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
जिला पुलिस कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ये गिरफ्तारियां गंडकी प्रांत के कास्की जिले में की गईं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार भारतीय नागरिकों की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी राहुल निषाद (23) और महाराष्ट्र निवासी सोमनाथ जाधव (40) के रूप में हुई है। इनके अलावा दो चीनी और पांच नेपाली नागरिकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
आरोपी नेपाल के प्रमुख पर्यटन स्थल पोखरा शहर में चोरी और लूटपाट की कम से कम छह घटनाओं में कथित तौर पर शामिल थे।
पुलिस ने उनके पास से नौ मोबाइल फोन, एक स्मार्टवॉच, एक लैपटॉप और 1.394 तोला (करीब 16.26 ग्राम) सोने के आभूषण बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ चोरी एवं डकैती निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
भाषा सिम्मी संतोष
संतोष