गाजा में इजराइली हमलों में तीन बच्चों और छह वयस्कों की मौत: स्वास्थ्य अधिकारी

Ads

गाजा में इजराइली हमलों में तीन बच्चों और छह वयस्कों की मौत: स्वास्थ्य अधिकारी

  •  
  • Publish Date - July 18, 2026 / 11:07 PM IST,
    Updated On - July 18, 2026 / 11:07 PM IST

दीर अल बला, 18 जुलाई (एपी) गाजा शहर में शनिवार को इजराइल के हवाई हमलों में तीनों बच्चों समेत कम से कम नौ फलस्तीनी मारे गए। अस्पताल के प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी।

शिफा अस्पताल के निदेशक मोहम्मद अबू सेलमिया ने बताया कि नसर इलाके में एक अपार्टमेंट पर हुए हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हुई, जिनमें आठ से 18 वर्ष तक के तीन बच्चे शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इस हमले में छह अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनमें आठ से 16 वर्ष के चार बच्चे शामिल हैं।

इजराइली सेना ने कहा कि उसने हमास के ठिकानों को निशाना बनाया और क्षेत्र में हमास के लड़ाकों की मौजूदगी का पता लगाया था। हालांकि, उसने इसके बारे में अधिक जानकारी नहीं दी।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, इजराइल के एक अन्य हमले में जैतून इलाके में लोगों के एक समूह को निशाना बनाया गया, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

इजराइली सेना ने कहा कि उसने ‘हमास के एक आतंकवादी’ को निशाना बनाया था और हमले के परिणामों की समीक्षा की जा रही है।

फलस्तीनियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में पूरे गाजा पट्टी में इजराइली हमलों की तीव्रता बढ़ी है।

अक्टूबर में इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता होने के बावजूद इजराइल गाजा में लगभग रोजाना हमले कर रहा है।

वहीं, हमास और इजराइल एक-दूसरे पर युद्धविराम के उल्लंघन का आरोप लगाते रहे हैं।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, युद्धविराम लागू होने के बाद से अब तक 260 बच्चों समेत कम से कम 1,127 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं। इस अवधि में इजराइल के पांच सैनिक भी मारे गए हैं।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सात अक्टूबर 2023 को हमास के नेतृत्व वाले लड़ाकों के हमले में इजराइल में करीब 1,200 लोग मारे गए थे और 251 अन्य को बंधक बना लिया गया था। इसके जवाब में इजराइल की सैन्य कार्रवाई में अब तक 73,250 फलस्तीनी मारे जा चुके हैं।

एपी

राखी संतोष

संतोष