पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के खिलाफ अभियान में ‘अस्थायी विराम’ की घोषणा की
पाकिस्तान ने अफगान तालिबान के खिलाफ अभियान में 'अस्थायी विराम' की घोषणा की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 18 मार्च (भाषा) पाकिस्तान ने ईद के मद्देनजर और कई देशों के अनुरोध पर बुधवार को अफगान तालिबान के खिलाफ जारी अभियान में ‘अस्थायी विराम’ की घोषणा की।
इससे एक दिन पहले ही अफगानिस्तान की सरकार ने काबुल में एक अस्पताल पर हमले में 400 लोगों की हत्या का आरोप इस्लामाबाद पर लगाया था।
सूचना मंत्री अताउल्ला तरार ने सीमा क्षेत्र में तालिबान के कथित ठिकानों पर पाकिस्तान द्वारा नए हमले किए जाने के कुछ घंटों बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में यह घोषणा की।
उन्होंने कहा, ‘‘आगामी ईद-उल-फितर को देखते हुए पाकिस्तान ने अपनी पहल पर और साथ ही सऊदी अरब, कतर और तुर्की जैसे मित्र इस्लामी देशों के अनुरोध पर जारी अभियान ऑपरेशन ‘ग़जब-लिल-हक’ के बीच अस्थायी विराम की घोषणा करने का निर्णय लिया है।’’
तरार ने कहा कि यह विराम ‘‘18/19 मार्च की मध्यरात्रि से 23/24 मार्च की मध्यरात्रि’’ तक लागू रहेगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि सीमा पार से किसी भी हमले, ड्रोन हमले या पाकिस्तान के अंदर किसी भी आतंकवादी घटना की स्थिति में अभियान तुरंत फिर से शुरू कर दिया जाएगा।
भाषा शुभम शफीक
शफीक

Facebook


