यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो रूसी मारे गए, मॉस्को ने काला सागर में स्थित मुख्य बंदरगाह को निशाना बनाया
यूक्रेनी ड्रोन हमले में दो रूसी मारे गए, मॉस्को ने काला सागर में स्थित मुख्य बंदरगाह को निशाना बनाया
कीव, 13 सितंबर (एपी) रूस और यूक्रेन के बीच एक-दूसरे पर ड्रोन से हमला करने का सिलसिला जारी रहने के बीच रातभर कई नागरिकों के हताहत होने की जानकारी मिली है।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, रूस के तातारस्तान में दो लोगों की मौत हुई। यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि रूस ने काला सागर के बंदरगाह शहर ओडेसा पर ड्रोन हमले किए और पोलैंड से लगी सीमा चौकी के पास आग लग गई।
रूस ने हाल के हफ्तों में अपने हवाई अभियान को तेज कर दिया है। वह बैलिस्टिक मिसाइलों और जेट इंजन वाले ड्रोन का इस्तेमाल यूक्रेन की रक्षा प्रणाली को भेदने के लिए कर रहा है। रूस, कीव में मिसाइलों को रोकने वाली प्रणाली के घटते भंडार का फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि मॉस्को के हमलों ने सर्दियों से पहले यूक्रेन के बिजली ग्रिड को निशाना बनाया है, जिसका उद्देश्य नागरिकों का मनोबल तोड़ना है।
क्षेत्रीय प्रमुख रुस्तम मिन्निखानोव के कार्यालय के अनुसार, रविवार को यूक्रेनी ड्रोन ने तातारस्तान के शहर निजनेकाम्स्क को निशाना बनाया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हुए। बयान में कहा गया कि खड़ी कार के पास एक पेड़ से ड्रोन टकराने के बाद दो नागरिकों की मौत हो गई।
यूक्रेन के हालिया लंबी दूरी के हमलों में रूस के तेल और गैस उद्योग को निशाना बनाया गया है। कीव का कहना है कि यही उद्योग रूस के युद्ध अभियान को वित्तीय मदद पहुंचाता है और सीधे तौर पर ईंधन भी उपलब्ध कराता है।
ओडेसा के सैन्य प्रशासन के प्रमुख सेरही लिसाक के अनुसार, रूस की ओर से रात में ‘बड़े पैमाने’ पर किए गए हमले में कम से कम नौ लोग घायल हो गए। यह शहर काला सागर पर स्थित यूक्रेन के मुख्य बंदरगाह केंद्र का घर है और कई महीनों से लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों का सामना कर रहा है। कीव ने मॉस्को पर आरोप लगाया है कि वह उसके निर्यात को रोकने की कोशिश कर रहा है।
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि शनिवार को रूस के ड्रोन हमले में ओडेसा की एक रिहायशी ऊंची इमारत को निशाना बनाया गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 26 घायल हो गए। क्षेत्रीय प्रमुख ओलेह कीपर के अनुसार, इमारत की ऊपरी मंजिलें पूरी तरह नष्ट हो गईं।
एपी संतोष सुरेश
सुरेश

Facebook


