अली खामेनेई की अंत्येष्टि में शामिल होगा पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल: शहबाज शरीफ
अली खामेनेई की अंत्येष्टि में शामिल होगा पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल: शहबाज शरीफ
इस्लामाबाद, 19 जून (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुक्रवार को घोषणा की कि देश का एक प्रतिनिधिमंडल ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की अंत्येष्टि में शामिल होगा।
फरवरी में अमेरिका और इज़राइल के हमलों में खामेनेई की मौत हो गई थी।
शरीफ ने नेशनल असेंबली को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने बृहस्पतिवार शाम ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन से टेलीफोन पर बातचीत की।
उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान ईरानी राष्ट्रपति ने मुश्किल समय में ईरान का साथ देने के लिए बार-बार आभार व्यक्त किया।
शरीफ ने कहा कि ईरानी राष्ट्रपति ने उनसे तीन-चार जुलाई को खामेनेई की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए कहा।
उन्होंने सांसदों से कहा, ‘‘मैंने कहा कि पाकिस्तान का प्रतिनिधिमंडल वहाँ मौजूद रहेगा, ताकि हम दुनिया को बता सकें कि हमारे दिल में उनके लिए कितना सम्मान है।’’
शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए शांति समझौते में पाकिस्तान की भूमिका का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘जापान से सऊदी अरब तक, कुआलालंपुर से कासाब्लांका तक और मेक्सिको से भारत तक, अगर किसी देश का नाम सम्मान तथा आदर के साथ गूंज रहा है, तो वह पाकिस्तान है।’’
शरीफ ने अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर हस्ताक्षर करने में ‘‘सबसे अहम भूमिका’’ निभाने के लिए सेना प्रमुख आसिम मुनीर की तारीफ की।
उन्होंने शांति प्रयासों में योगदान के लिए उपप्रधानमंत्री इसहाक डार और गृह मंत्री मोहसिन नकवी का भी धन्यवाद व्यक्त किया। शरीफ ने ईंधन की कीमतों में भी भारी कटौती की घोषणा की।
नेशनल असेंबली ने शांति वार्ता में मध्यस्थ की भूमिका के लिए पाकिस्तान की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया।
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


