पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानन कंपनियों पर प्रतिबंध को बढ़ाया
पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानन कंपनियों पर प्रतिबंध को बढ़ाया
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 21 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगाए गए प्रतिबंध को मंगलवार को एक महीने के लिए और बढ़ा दिया।
पाकिस्तान ने 24 अप्रैल, 2025 से भारतीय उड़ानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद रखा है, जिससे भारतीय विमानन कंपनियों को अरबों रुपये का नुकसान हुआ है।
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने ‘नोटिस टू एयरमेन’ (नोटम) में कहा है कि ‘‘सभी भारतीय-पंजीकृत, पट्टे पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमानों को 24 मई, 2026 को सुबह पांच बजे तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।’’
यह नोटिस पिछले नोटिस की समय सीमा 24 अप्रैल समाप्त होने से कुछ दिन पहले जारी किया गया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद उत्पन्न तनाव के चलते पाकिस्तान ने भारतीय विमानन कंपनियों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। भारत ने आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान को दोषी ठहराया था। हालांकि, पाकिस्तान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया और पारदर्शी जांच की मांग की।
इसके जवाब में भारत ने भी पाकिस्तानी विमानन कंपनियों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया। पाकिस्तान ने भारत पर पहली बार इस तरह के प्रतिबंध लगाए।
इस प्रतिबंध से भारतीय वाणिज्यिक विमानन कंपनियों को भारी नुकसान हुआ क्योंकि वे विशेष रूप से खाड़ी देशों के लिए विभिन्न भारतीय शहरों से आने-जाने वाली अपनी अधिकांश उड़ानों के संचालन के लिए पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करती थीं।
हवाई क्षेत्र को पूर्व में 1999 के करगिल संघर्ष और 2019 के पुलवामा संकट के दौरान भी बंद किया गया था।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा

Facebook


