(एम जुल्करनैन)
लाहौर, पांच मार्च (भाषा) प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के एक करीबी सहयोगी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया सैन्य अभियान में अपने निर्धारित लक्ष्यों को हासिल कर लिया है।
पाकिस्तान ने 2,600 किलोमीटर से अधिक लंबी सीमा पर अफगान तालिबान बलों द्वारा 53 ठिकानों पर हमले के बाद पिछले सप्ताह ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ शुरू किया था।
प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने कहा कि अफगानिस्तान में ऑपरेशन ‘गजब-लिल-हक’ में पाकिस्तान के लक्ष्य लगभग हासिल कर लिए गए हैं।
उन्होंने एक निजी समाचार चैनल को बताया कि पाकिस्तान की अफगानिस्तान से एकमात्र मांग यह थी कि वह अपनी धरती को हमारे खिलाफ आतंकवाद के लिए इस्तेमाल न होने दे।
सलाहकार ने कहा कि पाकिस्तान चाहता है कि अफगानिस्तान तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) को समर्थन देना तुरंत बंद कर दे।
सनाउल्लाह ने कहा, ‘‘अगर तालिबान सरकार ऐसा करती है, तो हमारी उससे कोई लड़ाई नहीं होगी।’’
इस बीच, सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने कहा कि पाकिस्तान के सशस्त्र बलों ने अब तक 481 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चार मार्च तक सुरक्षा बलों ने 481 अफगान तालिबान लड़ाकों को मार गिराया है और 696 से अधिक को घायल किया है। हमने 226 चौकियां नष्ट कर दी हैं और 35 चौकियों पर कब्जा कर लिया है।’’
भाषा
संतोष नरेश
नरेश