पाकिस्तान : पुलिस ने उत्तरपूर्वी खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी के तीन आतंकवादियों को मार गिराया
पाकिस्तान : पुलिस ने उत्तरपूर्वी खैबर पख्तूनख्वा में टीटीपी के तीन आतंकवादियों को मार गिराया
पेशावर, 12 फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की एक पुलिस चौकी पर प्रतिबंधित संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के हमले के बाद हुई गोलीबारी में तीन आंतकवादी मारे गए।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस मुठभेड़ में नौ आतंकवादी घायल भी हुए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि मंगलवार देर रात टीटीपी के हथियारबंद आतंकवादियों ने उत्तरी वजीरिस्तान की सीमा से लगे वजीर उपसंभाग में बन्नू जिले की खोनिया खेल पुलिस चौकी पर हमला किया।
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों ने पुलिस चौकी को घेरने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि इस दौरान दोनों तरफ से गोलीबारी हुई और तीन आतंकवादी मारे गए।
अधिकारी ने बताया कि मौके पर तत्काल त्वरित प्रतिक्रिया बल (क्यूआरएफ) और त्वरित कार्रवाई बल (आरआरएफ) की विभिन्न इकाइयों को भेजा गया, जिसके बाद आतंकवादी वहां से भाग निकले।
पुलिस ने बताया कि मारे गए आंतकवादियों की पहचान आतंकी कमांडर उमर आजम उर्फ खिजमेती और शहीदुल्लाह के रूप में हुई है। मारे गए तीसरे आतंकवादी की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
अधिकारियों के मुताबिक एक पुलिसकर्मी इस मुठभेड़ में घायल हुआ है।
पुलिस ने बताया कि उसी रात आतंकियों ने अहमदज़ई पुलिस चौकी और फत़ह खेल पुलिस चौकी पर भी हमले की कोशिश की थी लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नाकाम कर दिया।
भाषा मनीषा सुरभि
सुरभि

Facebook


