पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विश्व बैंक के अध्यक्ष बंगा से मुलाकात की
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने विश्व बैंक के अध्यक्ष बंगा से मुलाकात की
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, दो फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने सोमवार को विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय पाल सिंह बंगा से मुलाकात की और देश के लिए संगठन की भूमिका को एक प्रभावी विकास साझेदार के रूप में मजबूत करने में उनके नेतृत्व की सराहना की।
इस्लामाबाद में हुई बैठक के बाद प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज ने पाकिस्तान और विश्व बैंक के बीच दीर्घकालिक साझेदारी पर प्रकाश डाला और देश की विकास प्राथमिकताओं को समर्थन देने के लिए विश्व बैंक की प्रतिबद्धता की सराहना की।
उन्होंने विश्व बैंक के दस वर्षीय ‘कंट्री पार्टनरशिप फ्रेमवर्क’ (सीपीएफ) की भी प्रशंसा की और इसे सहयोगात्मक पहल का एक आदर्श बताया।
शहबाज ने कहा, “पाकिस्तान देश के आर्थिक विकास और सुधारों में विश्व बैंक समूह के महत्वपूर्ण सहयोग को महत्व देता है।”
उन्होंने कहा कि सरकार आर्थिक स्थिरता प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप एक व्यापक, बहुआयामी सुधार कार्यक्रम के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
बयान में कहा गया, ‘बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, कृषि व्यवसाय, डिजिटल विकास, ऊर्जा, मानव पूंजी, वित्तीय सुधार, रोजगार सृजन और निजी क्षेत्र के निवेश में विश्व बैंक समूह के समर्थन को हम महत्व देते हैं।’
बंगा ने पाकिस्तान के सुधार प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, “हम ‘वन वर्ल्ड बैंक ग्रुप’ पहल के तहत सहयोग को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। सरकार के सुधार एजेंडा को हासिल करने के लिए विकास साझेदारों के साथ घनिष्ठ समन्वय और निजी संसाधनों का अधिक कुशल उपयोग आवश्यक है।”
बंगा चार दिवसीय यात्रा पर हैं, जिसके तहत वह कई आधिकारिक और सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। एक फरवरी से शुरू हुआ उनका दौरा चार फरवरी को खत्म होगा।
भाषा आशीष नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


