पेशावर, 24 सितंबर (भाषा) पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने बृहस्पतिवार को उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा में खुफिया जानकारी के आधार पर चलाए गए अभियान में आठ संदिग्ध उग्रवादियों को मार गिराया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खुफिया रिपोर्टों में उत्तर वजीरिस्तान जिले में उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद यह अभियान शुरू किया गया था।
अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में आठ उग्रवादी मारे गए।
पुलिस ने उग्रवादियों के ठिकाने को ध्वस्त कर दिया और उनके कब्जे से बड़ी संख्या में हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य उपकरण बरामद किए।
पुलिस ने बताया कि उग्रवादियों ने कथित तौर पर सुरक्षा बलों से बचने के लिए मस्जिद को ढाल के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश की, इसलिए उन्होंने बेहद सावधानी के साथ अभियान चलाया।
उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा प्रांत वर्षों से लगातार अशांति का सामना कर रहा है। इसके पीछे उग्रवादी हिंसा, अफगानिस्तान से लड़ाकों की सीमा पार आवाजाही और बार-बार चलाए गए सैन्य अभियान प्रमुख कारण रहे हैं।
भाषा तान्या नरेश
नरेश