‘पंचायत’ के बिनोद ‘रानी ड्राईक्लिनर्स’ से फिल्मी पारी की शुरुआत करेंगे

Ads

'पंचायत' के बिनोद 'रानी ड्राईक्लिनर्स' से फिल्मी पारी की शुरुआत करेंगे

  •  
  • Publish Date - September 24, 2026 / 07:25 PM IST,
    Updated On - September 24, 2026 / 07:25 PM IST

मुंबई, 24 सितंबर (भाषा) वेब सीरीज ‘पंचायत’ में बिनोद के किरदार से लोकप्रिय हुए अभिनेता अशोक पाठक फिल्म ‘रानी ड्राइक्लीनर्स’ से बतौर मुख्य अभिनेता फिल्मी पारी शुरू करेंगे। निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।

पाठक ने कई धारावाहिकों और फिल्मों में छोटी भूमिकाएं निभाई हैं लेकिन ‘पंचायत’ में बिनोद के किरदार ने उन्हें व्यापक पहचान दिलाई। ‘पंचायत’ का संवाद ‘‘देख रहा है बिनोद’’ सोशल मीडिया पर लोकप्रिय मीम बन गया है।

फिल्म ‘रानी ड्राईक्लिनर्स’ के निर्माता मानसी गुप्ते, अनीश कुमार और दुश्यंत सैंड हैं जबकि इसका निर्देशन सागर कुमार शर्मा ने किया है।

गुप्ते ने एक बयान में कहा कि ‘‘फिल्म ‘रानी ड्राईक्लिनर्स’ मेरे लिए बहुत खास है। फिल्म के नाम में ही एक सादगी और उत्सुकता है और जैसे-जैसे दर्शक फिल्म की दुनिया को जानेंगे, मुझे यकीन है कि वे समझ जाएंगे कि हमारी कहानी के लिए यह शीर्षक एकदम सही क्यों है।’’

फिल्म में मोनिका चौधरी भी हैं जिन्हें ‘अपहरण’ और ‘डार्क 7 व्हाइट’ जैसे शो के लिए जाना जाता है।

फिल्म के गीतों को रेखा भारद्वाज, जावेद अली, नक्श अजीज और कैलाश खेर ने आवाज दी है।

‘रानी ड्राइक्लीनर्स’ की पूरी शूटिंग उत्तराखंड में एक ही शेड्यूल में की गई। फिल्म फिलहाल ‘पोस्ट-प्रोडक्शन’ चरण में है। निर्माताओं ने अभी इसकी कहानी और रिलीज की तारीख समेत अन्य अहम जानकारी का खुलासा नहीं किया है।

भाषा

राखी अविनाश

अविनाश