पाकिस्तान ने फतह-4 क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया
पाकिस्तान ने फतह-4 क्रूज मिसाइल का परीक्षण किया
(सज्जाद हुसैन)
इस्लामाबाद, 14 मई (भाषा)पाकिस्तान ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि उसने स्वदेशी रूप से विकसित और सतह से प्रक्षेपित की जाने वाली फतह-4 क्रूज मिसाइल का सफल परीक्षण किया, जो लंबी दूरी के लक्ष्यों को उच्च सटीकता के साथ भेदने में सक्षम है।
पाकिस्तानी सेना की मीडिया शाखा, इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक मिसाइल का परीक्षण रॉकेट फोर्स कमान द्वारा किया गया।
सेना ने बताया, ‘‘उन्नत विमानन तकनीकों और अत्याधुनिक नेविगेशन उपकरणों से लैस यह मिसाइल प्रणाली उच्च सटीकता के साथ लंबी दूरी के लक्ष्यों को भेदने में सक्षम है।’’
बयान के मुताबिक सैन्य परिचालन क्षमता बढ़ाने, बेहतर सटीकता और मजबूती से जवाब देने के लिए मिसाइल की विभिन्न उप-प्रणालियों के तकनीकी मापदंडों को परखने के लिए इस मिसाइल का परीक्षण किया गया।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर और अन्य सैन्य अधिकारियों ने मिसाइल के सफल प्रशिक्षण परीक्षण की सराहना की।
पिछले महीने, सेना की रॉकेट फोर्स कमान ने देश में विकसित फतह-2 मिसाइल प्रणाली का प्रशिक्षण किया था।
पाकिस्तानी सेना ने सितंबर 2025 में भी 750 किलोमीटर की मारक क्षमता वाली क्रूज मिसाइल फतह-4 का प्रशिक्षण किया था।
भाषा धीरज पवनेश
पवनेश

Facebook


