पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान में 22 और विद्रोहियों को मार गिराया
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान में 22 और विद्रोहियों को मार गिराया
कराची/इस्लामाबाद, दो फरवरी (भाषा) पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में कई जगहों पर समन्वित आतंकवादी हमलों के बाद सुरक्षा बलों ने 22 और बलूच विद्रोहियों को मार गिराया। इसके साथ ही पिछले दो दिनों में मारे गए विद्रोहियों की संख्या 177 हो गई है। सुरक्षा अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
आतंकवाद रोधी अभियान तब शुरू किया गया जब जातीय बलूच समूहों से संबंधित विद्रोहियों जिनमें दो महिला आत्मघाती हमलावर भी शामिल थीं, ने शनिवार की सुबह क्वेटा, मस्तंग, नुश्की, दलबांदिन, खारान, पंजगुर, तुम्प, ग्वादर और पसनी सहित 12 शहरों में समन्वित हमले कर नागरिकों को निशाना बनाया।
सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, पिछले दो दिन में उग्रवाद विरोधी अभियानों में मारे गए विद्रोहियों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने सोमवार को बताया, ‘‘रविवार रात से सुरक्षा बलों ने 22 और विद्रोहियों को मार गिराया है।’’
उन्होंने कहा कि अब तक 167 शवों को आगे की प्रक्रिया और पहचान के लिए अस्पतालों में भेजा जा चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘इन उग्रवादियों को हमलों के दौरान या सुरक्षा बलों के अभियान के दौरान मार गिराया गया।’’
रविवार को रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा कि सुरक्षा बल तैयार थे और उन्होंने हमलावरों को खदेड़ने के लिए समय पर जवाबी कार्रवाई की, जिसमें 150 आतंकवादी मारे गए।
विभिन्न स्थानों पर आतंकियों के खिलाफ अभियान के कारण क्वेटा, मस्तंग, कलात, खुजदार, नुश्की, दलबांदिन, खारान और अन्य शहरों में मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं।
बलूचिस्तान के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) हमजा शफकत ने मीडिया को बताया कि सेवाएं मंगलवार से फिर से शुरू हो जाएंगी।
शनिवार को विद्रोहियों ने प्रांत के 12 कस्बों और शहरों में कई सुरक्षा और सरकारी प्रतिष्ठानों पर हमला किया। अधिकारियों ने पुलिस, सीमा कोर और सुरक्षा बलों के कम से कम 17 कर्मियों की मौत की पुष्टि की है।
बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने कहा कि ये हमले प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (बीएलए) द्वारा किए गए, जिसमें कम से कम 31 आम लोग मारे गए।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


