प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू ने भारत-इजराइल रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत की

Ads

प्रधानमंत्री मोदी और नेतन्याहू ने भारत-इजराइल रणनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए बातचीत की

  •  
  • Publish Date - February 26, 2026 / 04:25 PM IST,
    Updated On - February 26, 2026 / 04:25 PM IST

यरुशलम, 26 फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को अपने इजराइली समकक्ष बेंजामिन नेतन्याहू के साथ रक्षा और सुरक्षा, व्यापार, प्रौद्योगिकी तथा कृषि के क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने पर केंद्रित व्यापक वार्ता की।

दोनों पक्षों द्वारा पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पर भी विचार-विमर्श किये जाने की उम्मीद है।

भारत और इजराइल के बीच भारत-पश्चिम एशिया यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईसी) के कार्यान्वयन और आई2यू2 (भारत-इजराइल-यूएई-अमेरिका) के ढांचे के तहत सहयोग पर भी चर्चा होने की संभावना है।

नेतन्याहू के साथ वार्ता से पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने इजराइली राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग से मुलाकात की।

प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान करने के उद्देश्य से दो दिवसीय दौरे पर बुधवार को इजराइल पहुंचे।

नौ वर्षों में यह मोदी की इजराइल की दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में मोदी की इजराइल की पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंचाया गया था।

भारत और इजराइल विज्ञान और प्रौद्योगिकी, नवाचार, रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और निवेश, कृषि, जल और जन-जन संबंधों के क्षेत्र में मजबूत सहयोग के साथ एक सुदृढ़ रणनीतिक साझेदारी साझा करते हैं।

पिछले कुछ वर्षों में भारत-इजराइल संबंधों में तेजी आई है, जिसमें रक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, साइबर सुरक्षा और नवाचार जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

रक्षा सहयोग दोनों पक्षों के बीच साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ बनकर उभरा है, जिसमें इजराइल भारत को कई सैन्य मंच और हथियार प्रणालियां मुहैया करा रहा है।

दोनों पक्षों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों में भी लगातार प्रगति देखने को मिल रही है।

नवंबर में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की इजराइल यात्रा के दौरान, भारत और इजराइल के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) वार्ता शुरू करने के लिए विचारणीय विषयों (टीओआर) पर हस्ताक्षर किए गए थे।

भाषा

प्रशांत माधव

माधव