फ्रांस व स्लोवाकिया की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश रवाना

फ्रांस व स्लोवाकिया की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश रवाना

फ्रांस व स्लोवाकिया की यात्रा पूरी करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी स्वदेश रवाना
Modified Date: June 19, 2026 / 12:17 am IST
Published Date: June 19, 2026 12:17 am IST

पेरिस, 18 जून (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फ्रांस और स्लोवाकिया की अपनी यात्रा पूरी करने के बाद बृहस्पतिवार को नयी दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इस यात्रा के दौरान उन्होंने जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया और कई विश्व नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।

मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘फ्रांस की यह यात्रा बातचीत और नतीजों के लिहाज से बहुत सार्थक रही। इसकी शुरुआत नीस में ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम से हुई, इसके बाद जी7 के लिए एवियॉन और फिर पेरिस में कार्यक्रम हुए, जहां मैंने ‘विवाटेक 2026′ और एक सामुदायिक कार्यक्रम को संबोधित किया, साथ ही सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारियों) से भी मुलाकात की।’

उन्होंने कहा, ‘मैं अपने मित्र राष्ट्रपति मैक्रों, फ्रांस सरकार और वहां के लोगों का गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए विशेष रूप से आभारी हूं। आने वाले समय में भारत-फ्रांस मित्रता और मजबूत होगी।’

इससे पहले, मोदी ने भारतवंशियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत दुनिया के लिए एक ‘विश्वसनीय साझेदार’ के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह भारत की यात्रा का एक निर्णायक दौर है, जहां देश की आकांक्षाएं नयी ऊंचाइयों को छू रही हैं।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘भारतवंशियों से बातचीत करना हमेशा खास होता है और 140 करोड़ भारतीयों की सामूहिक उपलब्धियों को सामने रखना गर्व की बात है।’

मोदी मंगलवार और बुधवार को जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फ्रांस के एवियॉन शहर में थे, जहां भारत को अतिथि देश के रूप में आमंत्रित किया गया था।

जी-7 सम्मेलन के दौरान मोदी ने कई विश्व नेताओं से मुलाकात की, जिनमें अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर शामिल थे।

इससे पहले मोदी ने स्लोवाकिया की ‘ऐतिहासिक’ यात्रा पूरी की। मोदी स्लोवाकिया की यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में