उत्तरी जापान के तटीय क्षेत्र के निकट 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी नहीं
उत्तरी जापान के तटीय क्षेत्र के निकट 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, सुनामी की चेतावनी नहीं
तोक्यो, 25 जून (एपी) जापान के उत्तरी तट के निकट बृहस्पतिवार को एक शक्तिशाली भूकंप आया, हालांकि देश की मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी गई। एजेंसी ने अपनी प्रारंभिक 6.9 तीव्रता की रिपोर्ट को बाद में संशोधित कर 7.2 कर दिया।
एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 50 किलोमीटर (30 मील) की गहराई में स्थित था।
वहीं, अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण ने भी भूकंप की तीव्रता 6.9 दर्ज की।
हाल के महीनों में इस क्षेत्र में कई बार तेज भूकंप दर्ज किए गए हैं। इनमें दिसंबर में आया वह भूकंप भी शामिल है, जिसके बाद एक सप्ताह तक ‘मेगा भूकंप’ की आशंका को लेकर सतर्कता संबंधी परामर्श जारी किया गया था।
बृहस्पतिवार सुबह कार्यालय जाने के व्यस्त समय के दौरान जापान के पूर्वोत्तर क्षेत्र में आए इस भूकंप के झटके राजधानी तोक्यो में भी हल्के रूप से महसूस किए गए।
सरकार के शीर्ष प्रवक्ता मिनोरू किहारा के अनुसार, भूकंप के कारण तत्काल किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है।
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने तोक्यो में संवाददाताओं से कहा कि उनकी सरकार की आपातकालीन टीम स्थिति का आकलन करने और आवश्यकता पड़ने पर राहत कार्यों की तैयारी करने के साथ-साथ ‘‘लोगों के जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता’’ दे रही है।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से बाद में आने वाले संभावित झटकों (आफ्टरशॉक) के मद्देनजर सतर्क रहने और सावधानी बरतने की अपील की।
एपी तान्या वैभव
वैभव

Facebook


