पुतिन, मेलोनी, नेतन्याहू और अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर बधाई दी

Ads

पुतिन, मेलोनी, नेतन्याहू और अन्य नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिन पर बधाई दी

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 07:07 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 07:07 PM IST

मॉस्को/लंदन, 17 सितंबर (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी और इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू सहित विश्व के अन्य नेताओं ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 76वें जन्मदिन पर बधाई दी तथा उनके नेतृत्व और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने में योगदान की सराहना की।

मोदी का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था।

पुतिन ने मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और ‘‘वैश्विक मंच पर उनके व्यापक प्रभाव’’ की प्रशंसा की।

रूसी राष्ट्रपति कार्यालय एवं आवास ‘क्रेमलिन’ की वेबसाइट पर जारी एक संदेश में पुतिन ने कहा, ‘‘आपको अपने देशवासियों से अत्यधिक सम्मान और वैश्विक मंच पर बड़ा रुतबा हासिल है। भारत और रूस के बीच विशेष तथा विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने में आपके व्यक्तिगत योगदान को जितना भी सराहा जाए, कम है।’’

पुतिन, जो हाल में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए भारत आए थे, ने अपनी यात्रा के दौरान किये गए स्वागत के लिए मोदी का शुक्रिया अदा किया। पुतिन 11 से 13 सितंबर तक, तीन दिन के लिए नयी दिल्ली आए थे।

इटली की प्रधानमंत्री मेलोनी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।

मेलोनी ने कहा, ‘‘मेरे दोस्त नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की बधाई। मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना करती हूं। इटली और भारत अपनी गहरी दोस्ती को और मजबूत कर रहे हैं तथा साथ मिलकर दोनों देशों के लिए सहयोग और समृद्धि का भविष्य बना रहे हैं।’’

इजराइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत को एक विश्व शक्ति बना दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जन्मदिन की बधाई, नरेन्द्र! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी! आपके नेतृत्व ने भारत को एक विश्व शक्ति बना दिया है। हमने मिलकर अपने दोनों महान लोकतंत्रों के बीच एक अभूतपूर्व साझेदारी बनाई है।’’

नेतन्याहू ने कहा कि इजराइल और भारत के बीच दोस्ती पहले से कहीं अधिक प्रगाढ़ है और दोनों देश मिलकर इसे और ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।

डोमिनिका के प्रधानमंत्री रूजवेल्ट स्केरिट ने भी मोदी को बधाई दी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘डोमिनिका सरकार और वहां के लोगों की ओर से, मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘आपको जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन सफलतापूर्वक आयोजित करने, स्वास्थ्य को एजेंडे में प्राथमिकता देने और सभी के लिए स्वास्थ्य तथा वैश्विक स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति ब्रिक्स नेताओं से मजबूत प्रतिबद्धताएं हासिल करने के लिए आपका धन्यवाद।’’

श्रीलंका में विपक्ष के नेता साजित प्रेमदासा तथा मालदीव के पूर्व राष्ट्रपतियों इब्राहिम मोहम्मद सोलिह और मोहम्मद नशीद ने भी मोदी को जन्मदिन की बधाई दी।

भाषा सुभाष नरेश

नरेश