प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सिंधिया ने मध्यप्रदेश में कॉलेज भवन, पुल, सबस्टेशन का उद्घाटन किया

Ads

प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर सिंधिया ने मध्यप्रदेश में कॉलेज भवन, पुल, सबस्टेशन का उद्घाटन किया

  •  
  • Publish Date - September 17, 2026 / 07:29 PM IST,
    Updated On - September 17, 2026 / 07:29 PM IST

गुना (मध्यप्रदेश), 17 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर मध्यप्रदेश के गुना के बामोरी क्षेत्र में शिक्षा, बिजली और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित विकास कार्यों का उद्घाटन किया।

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ने 5.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक नए डिग्री कॉलेज भवन, 1.9 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित गुना-उमाई-सिरसी सड़क पर एक पुल और 3.08 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मुद्रा हनुमान में 33/11 केवीए पावर सबस्टेशन का उद्घाटन किया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने अपने जीवन के 25 साल देश की सेवा के लिए समर्पित किए हैं और इसके विकास की दिशा में लगातार काम किया है। पिछले 12 वर्षों में भारत ने जो परिवर्तन देखा है, वह इस समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। दुनिया भारत को एक नए नजरिए से देख रही है।’’

उन्होंने भारत के बढ़ते वैश्विक कद का उदाहरण देते हुए भारतीय धरती पर (ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान) रूस और चीन के राष्ट्रपतियों की एक साथ उपस्थिति का हवाला दिया।

सिंधिया ने कहा कि जिन देशों में मतभेद और संघर्ष थे, वे भारत की पहल पर नयी दिल्ली में एक संयुक्त घोषणा पत्र के लिए सहमत हुए।

उन्होंने कहा, ‘‘अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का कद और सम्मान बढ़ा है। देश दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में आगे बढ़ रहा है।’’

बमोरी में नए डिग्री कॉलेज भवन का जिक्र करते हुए सिंधिया ने कहा कि यह केवल एक इमारत नहीं है, बल्कि क्षेत्र की लड़कियों और युवाओं के लिए उच्च शिक्षा प्राप्त करने का एक नया अवसर है।

सिंधिया ने कहा कि बमोरी विधानसभा क्षेत्र में बिजली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन क्षेत्र में 53 बिजली उपकेंद्र हैं और मुद्रा हनुमान में 3.08 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवीए सबस्टेशन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति को और मजबूत करेगा।

मोदी के जन्मदिन पर आयोजित ‘सहरिया चौपाल’ में सिंधिया ने सहरिया आदिवासी समुदाय की महिलाओं के साथ बातचीत की और समुदाय के लिए केंद्र द्वारा लागू की जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की।

उन्होंने महिलाओं से योजनाओं के तहत उन्हें मिलने वाले लाभों और उनके अनुभवों के बारे में जानकारी मांगी।

सिंधिया ने कहा कि सहरिया समुदाय और सिंधिया परिवार दोनों ही सबरी माता का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना मोदी सरकार की प्राथमिकता है। केंद्र आदिवासी समुदायों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए काम कर रहा है।’’

भाषा सं ब्रजेन्द्र गोला

गोला