रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव अभियान पर ध्यान केंद्रित करेंगे
रामास्वामी ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव अभियान पर ध्यान केंद्रित करेंगे
कोलंबस (अमेरिका), पांच मई (एपी) रिपब्लिकन पार्टी के नेता विवेक रामास्वामी ने अब प्राइमरी से हटकर ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव प्रचार अभियान पर पूरा ध्यान केंद्रित किया है।
नवंबर में होने वाले इस आम चुनाव में बायोटेक उद्यमी का पूर्व राज्य स्वास्थ्य निदेशक डॉ. एमी एक्टन से मुकाबला होगा। रामास्वामी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन प्राप्त है।
यह चुनाव ओहायो में पिछले चार वर्षों में तीसरी बार होने वाली अमेरिकी सीनेट की प्रतिस्पर्धी दौड़ के साथ-साथ अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की कुछ सीट के लिए भी मंच तैयार करेगा जिसमें उम्मीदवारों के बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है।
कार्यकाल समाप्ति की सीमा के कारण इस वर्ष राज्य के सभी कार्यकारी पद खाली हैं, लेकिन गवर्नर पद की दौड़ ने सबसे अधिक ध्यान आकर्षित किया है।
रामास्वामी 2024 में रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के लिए प्राइमरी उम्मीदवार भी रह चुके हैं। पिछले साल की शुरुआत में वह राज्य की राजनीति में तेजी से उभरे जब राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे थे। उस समय तत्कालीन सीनेटर जे.डी. वेंस उपराष्ट्रपति पद तक पहुंच रहे थे और गवर्नर पद के प्रमुख दावेदार जॉन हस्टेड को वाशिंगटन में उनकी जगह नियुक्त किया जा रहा था।
रामास्वामी राज्य की राजनीति में नए हैं, लेकिन उनकी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान, तकनीकी उद्योग से संबंध और राष्ट्रपति ट्रंप से करीबी संबंधों के चलते उन्हें ओहायो रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन मिल गया। इसके साथ ही उन्होंने मौजूदा राज्य अटॉर्नी जनरल, राज्य कोषाध्यक्ष और लेफ्टिनेंट गवर्नर सहित संभावित उम्मीदवारों को पीछे छोड़ दिया।
एपी सुरभि वैभव
वैभव

Facebook


