ब्रिटेन में आव्रजन सुधारों के तहत शरणार्थियों को खर्च उठाना होगा
ब्रिटेन में आव्रजन सुधारों के तहत शरणार्थियों को खर्च उठाना होगा
(अदिति खन्ना)
लंदन , 30 जून (भाषा) ब्रिटेन के आव्रजन सुधारों के तहत, अगले दशक में 45,000 से ज्यादा विदेशी अपराधियों और ऐसे लोगों को देश से बाहर भेजा जाएगा जिन्हें शरण नहीं मिल पाई है; साथ ही, शरणार्थियों को रहने का खर्च भी चुकाना होगा।
इस हफ्ते कई नीतिगत प्रस्तावों के दौरान, गृह मंत्री शबाना महमूद ने कहा कि हिरासत क्षमता में “काफ़ी विस्तार” के बाद “हज़ारों और विदेशी अपराधियों तथा अवैध प्रवासियों को हटाया जाएगा, जिन्हें यहां रहने का कोई अधिकार नहीं है।”
संसद में पेश की गई योजनाओं के तहत, शरण चाहने वालों को ब्रिटेन सरकार द्वारा उठाए जाने वाले उनके रहने के खर्च को चुकाने के लिए कहा जाएगा। उन्हें यह रकम या तो अपने पास मौजूद पैसों से या फिर कमाई शुरू करने के बाद किश्तों में, लगभग 10,000 पाउंड के तौर पर चुकानी होगी।
महमूद ने कहा, “शरण के लिए मदद पाना एक अधिकार है, लेकिन यह एक ज़िम्मेदारी भी है। जब लोग योगदान करने और ब्रिटिश लोगों की उदारता का बदला चुकाने की स्थिति में आ जाते हैं, तो हम उनसे ऐसा करने की उम्मीद करते हैं।”
गृह मंत्रालय ने कहा कि शरणार्थियों को बसने के लिए पात्र होने से पहले पूरी रकम चुकानी होगी। उसने बताया कि यह कदम इसलिए ज़रूरी थी क्योंकि पिछले साल शरण मांगने वालों की मदद पर ब्रिटिश करदाताओं का लगभग चार अरब पाउंड खर्च हुआ था।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


