रुबियो ने रूस के विदेश मंत्री लावरोव से बात की; यूक्रेन एवं ईरान पर हुई चर्चा
रुबियो ने रूस के विदेश मंत्री लावरोव से बात की; यूक्रेन एवं ईरान पर हुई चर्चा
(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 26 मई (भाषा) अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से बात कर रूस एवं यूक्रेन के बीच युद्ध तथा ईरान के हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘‘दोनों पक्षों ने रूस-यूक्रेन युद्ध, द्विपक्षीय संबंधों और ईरान के हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’
उन्होंने कहा कि इस बातचीत का अनुरोध रूस के विदेश मंत्री ने किया था।
रूस के विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया कि लावरोव ने कीव में यूक्रेनी सैन्य स्थलों पर हमले करने के रूस के फैसले से अवगत कराया।
लावरोव ने कहा कि ये ‘‘व्यवस्थित और लगातार हमले’’ रूसी क्षेत्र में शांतिपूर्ण आबादी और असैन्य स्थलों पर यूक्रेन के लगातार जारी आतंकवादी हमलों के जवाब में किए जा रहे हैं।
लावरोव ने रुबियो का ध्यान रूसी विदेश मंत्रालय के उस बयान की ओर भी दिलाया जिसमें सिफारिश की गई है कि अमेरिका और कीव में राजनयिक मिशन वाले अन्य देश यूक्रेनी राजधानी कीव से अपने राजनयिक कर्मियों और अन्य नागरिकों की निकासी सुनिश्चित करे।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


