रूस अपने भविष्य, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रहा : पुतिन

Ads

रूस अपने भविष्य, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रहा : पुतिन

  •  
  • Publish Date - February 23, 2026 / 09:33 PM IST,
    Updated On - February 23, 2026 / 09:33 PM IST

(विनय शुक्ला)

मॉस्को, 23 फरवरी (भाषा) रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को कहा कि मॉस्को अपने भविष्य, आजादी, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रहा है। उनकी यह टिप्पणी मंगलवार को यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के चार साल पूरे होने से एक दिन पहले आई है।

रूस ने 24 फरवरी 2022 को यूक्रेन में एक सैन्य अभियान शुरू किया था। इस साल युद्ध में उस कुछ बड़े झटके लगे हैं, जिनमें वोतकिंस्क में पिछले हफ्ते उसकी अंतरमहाद्वीपीय मिसाइल फैक्टरी पर हुआ भीषण हमला शामिल है।

पुतिन ने सशस्त्र बलों के अधिकारियों को ‘गोल्ड स्टार ऑफ हीरो ऑफ रशियन फेडरेशन’ सम्मान प्रदान करने से पहले कहा, “रूस अपने भविष्य, आजादी, सच्चाई और न्याय के लिए लड़ रहा है। और इस संघर्ष में अग्रिम मोर्चे पर बेहद मजबूत, साहसी और निस्वार्थ लोग तैनात हैं, जिनमें सशस्त्र बलों के सैनिक एवं अधिकारी, नेशनल गार्ड के सदस्य, आंतरिक मामलों के मंत्रालय के कर्मी तथा विशेष सेवाएं एवं इकाइयां शामिल हैं।”

आधुनिक रूस में 23 फरवरी की तारीख को परंपरागत रूप से सोवियत सेना और नौसेना दिवस की निरंतरता के रूप में पितृभूमि रक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।

इससे पहले, पितृभूमि रक्षक दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हुए पुतिन ने कहा कि 23 फरवरी को देश में कई दशकों से सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अवकाशों में से एक के रूप में मनाया जाता रहा है।

उन्होंने कहा, “रूसी सैनिकों की मौजूदा पीढ़ी अपने पूर्वजों से विरासत में मिली वीरता और सम्मान की परंपराओं को आगे बढ़ा रही है। और आज एक विशेष सैन्य अभियान के दौरान हमारे विशाल देश के सभी लोगों के प्रतिनिधि कंधे से कंधा मिलाकर वीरतापूर्वक रूस के हितों की रक्षा कर रहे हैं।”

पुतिन ने सशस्त्र बलों के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि क्रेमलिन (रूस का राष्ट्रपति कार्यालय) बदलती अंतरराष्ट्रीय स्थिति को ध्यान में रखते हुए विशेष सैन्य अभियान के दौरान प्राप्त युद्ध अनुभव का लाभ उठाते हुए और रूसी उद्योग, विज्ञान और औद्योगिक एवं प्रौद्योगिकी कंपनियों की ताकत पर भरोसा करते हुए, सेना और नौसेना को मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रयास जारी रखेगा।

उन्होंने कहा, “जमीनी, हवाई और समुद्री स्तर पर परमाणु क्षमता का विकास, जो रूस की सुरक्षा की गारंटी के रूप में काम करता है और विश्व में प्रभावी ढंग से शक्ति संतुलन एवं रणनीतिक प्रतिरोध सुनिश्चित करता है, एक निर्विवाद प्राथमिकता बनी हुई है।”

पुतिन ने सशस्त्र बलों के लिए उन्नत हथियार प्रणालियों के विकास को गति देने की घोषणा की।

भाषा पारुल माधव

माधव