रूस, उत्तर कोरिया ने साझा सीमा पर खोला पहला सड़क पुल
रूस, उत्तर कोरिया ने साझा सीमा पर खोला पहला सड़क पुल
मास्को, सात सितंबर (एपी) रूस और उत्तर कोरिया ने सोमवार को अपनी साझा सीमा पर पहले सड़क पुल का उद्घाटन किया। रूसी अधिकारियों ने इसे दोनों देशों के बीच बढ़ते संबंधों को मजबूत करने वाला कदम बताया।
रूस सरकार ने एक बयान में कहा कि तुमेन नदी पर बना यह पुल एक किलोमीटर लंबा है और इसमें दो लेन हैं। यह नवनिर्मित सीमा चौकी के जरिए प्रतिदिन 300 वाहनों की आवाजाही की सुविधा देगा।
रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल मिशुस्तिन ने वीडियो लिंक के जरिए उद्घाटन समारोह में भाग लिया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि सीमा के पास परिवहन बुनियादी ढांचे के विस्तार से रूस और उत्तर कोरिया के बीच व्यापार, आर्थिक, तकनीकी, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक सहयोग के आगे विकास को मजबूत बढ़ावा मिलेगा।’’
हाल के वर्षों में रूस और उत्तर कोरिया के बीच संबंध और आदान-प्रदान कार्यक्रम बढ़े हैं। उत्तर कोरिया यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध में समर्थन के लिए गोला-बारूद और सैनिकों की आपूर्ति कर रहा है।
कोविड-19 संबंधी प्रतिबंधों में धीरे-धीरे ढील दिए जाने के बीच उत्तर कोरिया ने फरवरी 2024 से रूसी पर्यटकों को आवाजाही की अनुमति दी है।
उत्तर कोरिया और रूस ने 2024 में तुमेन नदी पर वाहनों की आवाजाही के लिए एक पुल बनाने पर सहमति जताई थी। यह नदी उत्तर कोरिया की रूस और चीन के साथ लगती सीमाओं के पास बहती है। इस पुल का निर्माण पिछले साल शुरू हुआ था।
एपी आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


