रूस ने ड्रोन, मिसाइल हमलों के जरिये यूक्रेन के आठ क्षेत्रों को निशाना बनाया

Ads

रूस ने ड्रोन, मिसाइल हमलों के जरिये यूक्रेन के आठ क्षेत्रों को निशाना बनाया

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 05:38 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 05:38 PM IST

कीव, 18 मई (एपी) राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोमवार को कहा कि रूस ने देर रात किये गये ड्रोन और मिसाइल हमले में यूक्रेन के आठ क्षेत्रों को निशाना बनाया।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि इन हमलों में तीन बच्चों समेत 24 से अधिक नागरिक घायल हुए हैं।

जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना ने 524 ड्रोन से हमले किये और 22 बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलें दागीं। उन्होंने बताया कि इस हमले का सबसे ज्यादा असर यूक्रेन के निप्रो शहर और उसके आसपास हुआ।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने जेलेंस्की और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से संयम रखने का अनुरोध किया था, लेकिन इसका कोई खास असर नहीं हुआ।

पिछले सप्ताह कई दिनों तक रूस ने यूक्रेन पर जबरदस्त हमले किए, जिसमें कीव की एक इमारत को ध्वस्त कर दिया गया। इस घटना में 24 लोगों की मौत हो गई थी।

अधिकारियों ने रविवार को कहा कि यूक्रेन द्वारा रूस पर किये गये सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक में कम से कम चार लोग मारे गए और 12 से अधिक लोग घायल हो गये।

रूसी रक्षा मंत्रालय ने रविवार को कहा था कि पिछले 24 घंटों में 1,000 से अधिक यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया था।

इस बीच यूक्रेन के रक्षा मंत्री मिखाइलो फेडोरोव ने सोमवार को कहा कि देश ने अपना पहला ‘ग्लाइड बम’ विकसित कर लिया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा, ‘‘हमारी लंबी दूरी की मारक क्षमताएं स्थिति को काफी हद तक बदल रही हैं। रूस के युद्ध के प्रति दुनिया की धारणा को भी बदल रही हैं।’’

मॉस्को स्थित रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि उसने ड्रोन हमलों के जरिये यूक्रेन को भारी झटका दिया है।

इसने कहा कि इन हमलों में आयुघ कारखानों, तेल और ऊर्जा केंद्रों के साथ-साथ यूक्रेनी सशस्त्र बलों द्वारा उपयोग किए जाने वाले परिवहन और बंदरगाह बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।

मंत्रालय ने कहा कि हमलों का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।

पुतिन इस सप्ताह बीजिंग में चीन के नेता शी चिनफिंग से मुलाकात करेंगे।

इस बीच यूक्रेन की नौसेना ने दावा किया कि सोमवार को ओडेसा के निकट काला सागर में एक रूसी ड्रोन ने चीन के स्वामित्व वाले मालवाहक जहाज पर हमला किया।

यूक्रेन की नौसेना ने टेलीग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि ड्रोन के जरिये मालवाहक पोत ‘केएसएल देयांग’ को निशाना बनाया गया।

नौसेना ने बताया कि जहाज का मालिक चीन का नागरिक है और चालक दल में चीनी नागरिक शामिल हैं।

इसने हताहतों की संख्या के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं दी।

एपी

देवेंद्र अविनाश

अविनाश