ईंधन की कीमतों में कटौती की मांग को लेकर आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी का प्रदर्शन

Ads

ईंधन की कीमतों में कटौती की मांग को लेकर आंध्र प्रदेश में वाईएसआरसीपी का प्रदर्शन

  •  
  • Publish Date - May 18, 2026 / 06:09 PM IST,
    Updated On - May 18, 2026 / 06:09 PM IST

अमरावती, 18 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश में युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती की मांग को लेकर सोमवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया।

विशाखापत्तनम, विजयवाड़ा, कुरनूल, तिरुपति और कई अन्य स्थानों पर प्रदर्शन आयोजित किए गए।

विशाखापत्तनम में वाईएसआरसीपी नेताओं ने विरोध जताने के लिए साइकिल रैली निकाली, जबकि कुरनूल और विजयवाड़ा में बैलगाड़ी रैली आयोजित की गई।

वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री के. वेंकट नागेश्वर राव ने पश्चिम गोदावरी जिले के तनुकु कस्बे में संवाददाताओं से कहा, ‘‘डीजल और पेट्रोल की कीमतें तुरंत कम की जानी चाहिए। हम वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के आह्वान पर बड़े पैमाने पर यह प्रदर्शन कर रहे हैं।’’

प्रदर्शन के दौरान घोड़े पर सवार हुए राव ने आरोप लगाया कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेताओं ने वाईएसआरसीपी शासन के दौरान ईंधन कीमतों में वृद्धि की आलोचना की थी, लेकिन अब वे चुप हैं।

उन्होंने कर्नाटक और तमिलनाडु जैसे पड़ोसी राज्यों का जिक्र करते हुए कहा कि तेदेपा नेताओं ने सत्ता में आने पर ईंधन कीमतें कम करने का वादा किया था।

राव ने कहा, ‘‘कीमतें घटाने के बजाय उन्हें बढ़ा दिया गया। हमें जानकारी मिली है कि वे फिर से कीमतें बढ़ाने जा रहे हैं। पहले से ही आम लोग और ऑटो रिक्शा चालक महंगाई के बोझ तले दबे हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए ‘स्त्री शक्ति’ मुफ्त बस योजना के कारण कारोबार में कमी से पहले ही प्रभावित ऑटो रिक्शा चालकों पर ईंधन कीमतों में वृद्धि से अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।

वाईएसआरसीपी नेता के अनुसार, तेदेपा नीत सरकार ने ईंधन कीमतों में 31 प्रतिशत की वृद्धि की है, पांच रुपये का अधिभार लगाया है और एक रुपये का सड़क कर वसूला है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार आंध्र प्रदेश को ‘‘बैलगाड़ी के दिनों’’ की ओर धकेल रही है।

वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता ए. रामबाबू ने भी कीमतों में वृद्धि के विरोध में रिक्शा चलाकर प्रदर्शन किया।

भाषा रवि कांत रवि कांत माधव

माधव