रूस ने कीव को लगातार छठे दिन बनाया निशाना, भारतीय सहित 12 की मौत
रूस ने कीव को लगातार छठे दिन बनाया निशाना, भारतीय सहित 12 की मौत
कीव, एक सितंबर (एपी) रूस ने सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात लगातार छठे दिन यूक्रेन की राजधानी और उसके आस-पास के इलाकों को हवाई हमलों से निशाना बनाया। इन हमलों में तीन बच्चों और एक भारतीय सहित कम से कम 12 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
यूक्रेन के अधिकारियों ने बताया कि गत चार साल में पहली बार रूस अप्रत्याशित तौर पर लगातार छह दिन से इतने बड़े पैमाने पर हमला कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि रूस का उद्देश्य आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को बाधित कर यूक्रेन को कमजोर करना है।
यूक्रेन में मंगलवार को नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआती हुई और ठीक उसी समय रूस ने कीव और यूक्रेन के आठ अन्य इलाकों पर क्रूज़ और बैलिस्टिक मिसाइल, जेट-इंजन युक्त ड्रोन, ग्लाइड बम और तोपों से हमले किए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के हमले में एक भारतीय सहित 12 लोगों की मौत हुई है।
अधिकारियों के मुताबिक, इस हमले में कीव के कई जिलों में आम लोगों के इस्तेमाल की जगहों और रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया गया। हमले में शहर में अंदर आठ लोगों की मौत हुई और आस-पास के इलाके में तीन अन्य लोग मारे गए।
सरकारी रेलवे कंपनी ‘उक्रज़ालिज्नित्सिया’ के अध्यक्ष ओलेक्जेंडर पर्तसोव्स्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि कीव में एक बैलिस्टिक मिसाइल के डिपो और अन्य परिसरों से टकराने से कंपनी के छह कर्मी मारे गए हैं।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि उसकी सेनाओं ने रात भर यूक्रेन पर ‘सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों’ और लंबी दूरी के ड्रोन से ‘हमला’ किया। मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में हथियार विनिर्माण इकाइयों और भंडारों के साथ-साथ सेना से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
यूक्रेन की वायु सेना ने बताया कि रूस ने सोमवार शाम छह बजे बैलिस्टिक, क्रूज और एंटी-रडार मिसाइलों के साथ-साथ 218 ड्रोन हमले किये। इनमें से लगभग एक-तिहाई ड्रोन जेट इंजन से लैस थे जिन्हें रोकना अपेक्षाकृत मुश्किल होता है।
इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि उसकी वायु रक्षा प्रणाली ने गत रात क्रीमिया प्रायद्वीप और काला सागर सहित उसके 18 इलाकों पर यूक्रेन ने 516 ड्रोन हमले किये।
गवर्नर अलेक्जेंडर ड्रोज़डेन्को ने बताया कि लेनिनग्राद इलाके में ड्रोन हमले से उस्त-लुगा बंदरगाह पर आग लग गई। यूक्रेन ने रूस के तेल क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने के लिए अपना अभियान और तेज कर दिया है, जो रूस की अर्थव्यवस्था का मुख्य आधार है।
उस्त-लुगा रूस के सबसे बड़े तेल और गैस निर्यात टर्मिनलों में से एक है, जो यूक्रेन से 800 किलोमीटर से अधिक दूर है। इस साल यूक्रेन ने ड्रोन हमले कर इसे बार-बार निशाना बनाया है।
एपी धीरज नरेश
नरेश

Facebook


