(एम जुल्करनैन)
लाहौर, 14 अप्रैल (भाषा) पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों ने पंजाब प्रांत में चलाए गए कई अभियानों में विभिन्न आतंकी संगठनों से जुड़े 16 आतंकवादियों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
आतंकवाद रोधी विभाग (सीटीडी) के एक प्रवक्ता ने बताया कि सुरक्षा बलों ने पिछले सप्ताह विभिन्न जिलों में 113 खुफिया आधारित अभियान (आईबीओ) चलाकर इन आतंकवादियों को पकड़ा।
उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी), अल-कायदा और दाएश (आईएसआईएस) समेत विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े 16 आतंकवादियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
प्रवक्ता ने कहा, “फितना-उल-ख्वारिज (टीटीपी से जुड़े आतंकवादियों के लिए इस्तेमाल किया जाता है) का एक खतरनाक आत्मघाती हमलावर झांग से गिरफ्तार किया गया है, जबकि सुरक्षा एजेंसियों पर हमलों में शामिल एक अन्य आतंकवादी मोइन खान को सरगोधा से पकड़ा गया है।”
आतंकवादियों के पास से हथियार, पांच किलोग्राम से अधिक विस्फोटक, एक डेटोनेटर, 25 फीट सुरक्षा फ्यूज तार और एक आत्मघाती जैकेट बरामद किया गया।
प्रवक्ता ने कहा कि आतंकवादियों ने पुलिस चौकियों पर हमला करने की योजना बनाई थी। इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव